अपराध

फरीदाबाद में 4 दिन से लापता इंजीनियर का सहकर्मी के कमरे में मिला शव, साथी फरार l

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 15 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
फरीदाबाद में 4 दिन से लापता इंजीनियर का सहकर्मी के कमरे में मिला शव, साथी फरार l

एंकर :- फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आदर्श नगर निवासी 31 वर्षीय पंकज राणा चार दिन पहले आईएमटी स्थित ताजू फोर्जिंग कंपनी में अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। चार दिन बाद पंकज का शव उसके ही एक सहकर्मी के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। हैरानी की बात यह है कि शव मिलने के बाद से उसका सहकर्मी भी गायब है। परिजन पंकज की मौत को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं और सहकर्मी के मिलने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं।

वीओ: फरीदाबाद में एक इंजीनियर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार सदमे में है। बल्लभगढ़ की आदर्श नगर कॉलोनी में रहने वाला करीब 31 वर्षीय पंकज राणा चार दिन पहले आईएमटी के निकट स्थित ताजू फोर्जिंग कंपनी में नौकरी के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह लापता हो गया। चार दिन बाद उसका शव एक सहकर्मी के कमरे में पंखे से गमछे के सहारे लटका हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।

पंकज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का कहना है कि पंकज पेशे से इंजीनियर था और नौकरी के लिए घर से निकला था। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आखिर चार दिन तक वह कहां रहा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों ने यह भी बताया कि जिस सहकर्मी के कमरे में पंकज का शव मिला है, वह भी गायब है। ऐसे में वे सहकर्मी से पूछताछ के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद जता रहे हैं।

वहीं, पंकज जिस कंपनी में काम करता था, उसके एचआर मैनेजर ने कहा कि कंपनी जांच और कानूनी प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने पंकज को एक अच्छा व्यक्ति बताया। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और लिखित शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पंकज की मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है और पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।