राज्य

फतेहपुर में मंडलायुक्त ने की विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 3 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
फतेहपुर में मंडलायुक्त ने की  विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा

फतेहपुर में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त प्रयागराज मंडल डॉ. लोकेश एम ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान कई विभागों के कामकाज पर नाराजगी जताते हुए सुधार करने के निर्देश दिए।शहर में सफाई व्यवस्था खराब मिलने और सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर दिखाई देने पर मंडलायुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।

उन्होंने नगर पालिका परिषद सदर के अधिशासी अधिकारी को जिम्मेदार मानते हुए उनके निलंबन के लिए शासन को पत्र भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर पालिका और नगर पंचायतों में सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिले में संस्थागत प्रसव की दर केवल 60 प्रतिशत मिलने पर मंडलायुक्त ने असंतोष जताया।

उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का वेतन तब तक रोकने के निर्देश दिए, जब तक संस्थागत प्रसव की दर बढ़कर 80 प्रतिशत नहीं हो जाती। उन्होंने महिलाओं और बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने और सभी जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।मंडलायुक्त ने गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों के परिवारों को पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। इनमें शौचालय, पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड, राशन कार्ड, आवास, आयुष्मान कार्ड और स्वयं सहायता समूह से जोड़ने जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो बच्चे कुपोषण की श्रेणी से बाहर आ चुके हैं, उनकी लंबाई और वजन की नियमित जांच की जाए।

साथ ही बच्चों के परिवारों को पौष्टिक आहार और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकियों और पूरी हो चुकी अन्य परियोजनाओं की गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश भी दिए गए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों से मौके पर जाकर जांच करने और इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम समाज, खलिहान, परती, तालाब और चारागाह जैसी सरकारी जमीनों का रिकॉर्ड संपत्ति रजिस्टर में दर्ज किया जाए।

सरकारी जमीन पर जहां भी अतिक्रमण है, उसे तत्काल हटाया जाए। अतिक्रमण मुक्त कराए गए तालाबों की सूची मुख्य विकास अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि उनके सौंदर्यीकरण का काम कराया जा सके।इसके अलावा मंडलायुक्त ने दीपावली पर जिले में भव्य दीपोत्सव आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए गए दीपों का इस्तेमाल किया जाए, जिससे महिलाओं को रोजगार और उनकी मेहनत को पहचान मिल सके।मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाए और विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।