अपराध

गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: गीता कोड़ा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की मांग

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 1 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: गीता कोड़ा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की मांग

गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की मांग।

Short Headline: गम्हरिया थाना दुष्कर्म मामला: गीता कोड़ा ने एसपी को सौंपा ज्ञापन, दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की मांग

01 नवंबर, सरायकेला-खऱसावां: सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म मामले को लेकर भाजपा ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व सांसद गीता कोड़ा के नेतृत्व में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़िता को जल्द न्याय दिलाने की मांग की।

ज्ञापन में आरोपी पुलिसकर्मी को तीन दिनों के भीतर सेवा से बर्खास्त करने और तीन महीने के अंदर स्पीडी ट्रायल के जरिए दोषी को सजा दिलाने की मांग की गई। साथ ही जिले की विधि-व्यवस्था सुधारने और सभी थानों में सातों दिन महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।

इस दौरान पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने राज्य सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि थाना परिसर जैसे स्थान पर इस तरह की घटना सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

वहीं, पुलिस अधीक्षक ने मामले में कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कथित दुष्कर्म के आरोपी वायरलेस ऑपरेटर आरक्षी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। एसपी ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल को आरोपी के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच में अन्य पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

बाइट - गीता कोड़ा, पूर्व सांसद, भाजपा बाइट - मनोज स्वर्गियारी, पुलिस अधीक्षक, सरायकेला

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।