गांधी जयंती पर बांसवाड़ा में श्रद्धांजलि, 10 सफाईकर्मी सम्मानित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
बांसवाड़ा में गांधी जयंती पर गांधी मूर्ति सर्किल पर सर्वधर्म प्रार्थना और रामधुन के साथ महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी गई। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए नगर परिषद के 10 सफाई कर्मियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
बांसवाड़ा, 2 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को गांधी मूर्ति सर्किल पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह यादव, नगर परिषद सभापति मुकेश रावत, जिला परिषद के सीईओ कैलाश चंद्र बारोलिया, जिला शिक्षा अधिकारी जयदीप पुरोहित, सामाजिक न्याय विभाग के उपनिदेशक संदीप मछार सहित जिला स्तरीय अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ हुई। इसके बाद सर्वधर्म प्रार्थना और रामधुन का गायन किया गया। विद्यार्थियों एवं स्काउट-गाइड ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारे और स्वच्छता के संदेश को याद किया।
10 सफाई कर्मियों का सम्मान
गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए नगर परिषद के 10 सफाई कर्मियों को उनके उत्कृष्ट सेवाभाव के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने स्वच्छता की शपथ भी ली। जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के विचार आज भी समाज को एकता और मानवता का संदेश देते हैं। उन्होंने सभी से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन सीओ स्काउट-गाइड दीपेश जोशी ने किया।
बाईट - मुकेश रावत, सभापति