गांधी जयंती पर देशभर में विशेष ग्राम सभाएं
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्टूबर 02, नई दिल्ली: गांधी जयंती के अवसर पर आज देश भर में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन सभाओं में ग्रामीण भारत में पंचायती राज को मजबूत करने, सार्वजनिक सेवाओं में सुधार लाने और ग्रामीणों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रशासनिक सुधारों पर चर्चा हो रही है।
पंचायती राज मंत्रालय ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा, ‘’आज देशभर की ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में पंचायती राज, ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण, जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण तथा भूमि संसाधन विभागों की योजनाओं और सुधारों पर चर्चा हो रही है।
साथ ही, भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, भारतीय साक्ष्य अधिनियम, सहकारिता का डिजिटल रूपांतरण एवं सुदृढ़ीकरण, बाल विवाह मुक्त भारत, नशा मुक्त भारत अभियान तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 जैसे महत्वपूर्ण विषय भी चर्चा में हैं। बिहार की एक ग्राम पंचायत में चल रही विशेष ग्राम सभा की यह झलक।
स्थानीय नागरिकों की भागीदारी से विशेष ग्राम सभा और भी विशेष बनती है। आइए, अपनी ग्राम पंचायत की विकास यात्रा में सहभागी बनें, अपनी बात रखें और अपनी ग्राम पंचायत के विकास में योगदान दें।''इन विशेष ग्राम सभाओं के साथ ही जन योजना अभियान 2026-27—‘सबकी योजना, सबका विकास’ की भी शुरुआत होगी।
इस अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायतें वित्तीय वर्ष 2027-28 के लिए जनभागीदारी और तथ्यों के आधार पर अपनी विकास योजनाएं तैयार करेंगी। इन ग्राम सभाओं में आम नागरिक और स्थानीय प्रतिनिधि एक साथ बैठकर सरकारी योजनाओं की समीक्षा करेंगे और अपने गांवों के विकास की प्राथमिकताओं को तय करेंगे। (फोटो सोर्स- @mopr_goi)