गौसेवा, प्राकृतिक खेती और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के संकल्प के साथ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने की गोवर्धन पूजा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
लक्ष्मणबाग गौशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गौमाता का पूजन और भंडारा; रीवा-गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के पशुपालकों को गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार से किया सम्मानित
रीवा, 9 नवंबर। गौसेवा, प्राकृतिक खेती और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के संदेश के साथ उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गोवर्धन पूजा के अवसर पर रीवा स्थित लक्ष्मणबाग गौशाला में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गोवर्धन पर्वत और गौमाता का पूजन किया। उन्होंने गौमाता की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया और गौमाता को भंडारा कराया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और प्रदेश के गोपालकों को संबोधित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सिंगल क्लिक के माध्यम से गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार के विजेताओं को पुरस्कार राशि तथा प्रदेश की 3,000 से अधिक गौशालाओं के लिए 65 करोड़ 66 लाख रुपये की अनुदान राशि अंतरित की।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गोवर्धन पूजा गौसेवा और प्रकृति के संरक्षण का संदेश देती है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपालकों की रक्षा और इंद्र के अहंकार को समाप्त करने के लिए गोवर्धन पर्वत धारण किया था। भारतीय संस्कृति में गौमाता का विशेष स्थान है। गौसेवा और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता हमारी परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।
गौसेवा के साथ प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रीवा तेजी से चहुंमुखी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। बेसहारा और असहाय गौवंश के आश्रय एवं सेवा के लिए लक्ष्मणबाग, बसामन मामा गौ अभयारण्य और हिनौती गोधाम में व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि गौमाता के गोबर और गोमूत्र का उपयोग पारंपरिक रूप से पूजा, जैविक खाद और जैविक कीटनाशक बनाने में होता रहा है। प्राकृतिक खेती का आधार गोपालन और गौसेवा है।
उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि गोबर और गोमूत्र से तैयार जैविक खाद तथा कीटनाशकों के उपयोग से मिट्टी का स्वास्थ्य बेहतर रखने में मदद मिल सकती है। विषमुक्त खेती से प्राप्त अनाज मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होगा। उन्होंने कहा कि सरकार पारंपरिक सांस्कृतिक मूल्यों और भारतीय विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
पशुपालकों को गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार से किया सम्मानित
समारोह में उपमुख्यमंत्री ने रीवा और गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के वृंदावन गांवों के पशुपालकों को गोपाल कृष्ण गोपालक पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। रीवा विधानसभा क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार शिवशंकर मिश्रा, द्वितीय पुरस्कार विवेक तिवारी और तृतीय पुरस्कार यशोदानंद द्विवेदी को दिया गया। वहीं गुढ़ विधानसभा क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार रामलाल यादव, द्वितीय पुरस्कार लालजी शुक्ला और तृतीय पुरस्कार सुनील यादव को प्रदान किया गया।
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सृष्टि देशमुख ने बताया कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक गांव को वृंदावन गांव के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन गांवों में गोपालन को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत प्रथम पुरस्कार के रूप में एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार में 50 हजार रुपये और तृतीय पुरस्कार में 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं। इन गांवों में दुधारू पशुओं की नस्ल सुधार के लिए भी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गौशालाओं और गो-अभयारण्यों की भूमिका की सराहना
कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य वेंकटेश बाला शास्त्री ने गोवर्धन पूजा और गौसेवा के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बेसहारा गौवंश के लिए गौशालाओं और गो-अभयारण्यों के निर्माण को महत्वपूर्ण बताया। जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने भी गोपालन को प्राकृतिक खेती का आधार बताते हुए गौसंरक्षण की आवश्यकता पर विचार रखे। नगर निगम अध्यक्ष वेंकटेश पांडेय ने गौमाता के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का उल्लेख किया।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने गौशाला में अपना जन्मदिन मना रही बिटिया संस्कृति मिश्रा को शुभकामनाएं दीं। समारोह में कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, अपर कलेक्टर सुधीर बेक, एसडीएम हुजूर जितेंद्र तिवारी, पशुपालन विभाग के संचालक डॉ. पंकज सिंह, उप संचालक डॉ. योगेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. अरुणेंद्र शुक्ला, गौशाला संचालन समिति के अध्यक्ष घनश्याम ताम्रकार, जिला रेडक्रॉस समिति के अध्यक्ष डॉ. प्रभाकर चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।