राजनीति

गयाजी में वोटर लिस्ट अपडेट करने का अभियान:घर-घर जाएंगे BLO, महिलाओं और 18-21 साल के युवाओं पर फोकस

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
गयाजी में वोटर लिस्ट अपडेट करने का अभियान:घर-घर जाएंगे BLO, महिलाओं और 18-21 साल के युवाओं पर फोकस

गयाजी जिले में पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए निर्वाचन विभाग घर-घर जाएगा। महिलाओं और 18 से 21 साल के युवाओं को सूची में शामिल करने पर खास जोर रहेगा। डीएम शशांक शुभंकर ने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 किया जा रहा है।

इसका मकसद सूची को समावेशी, त्रुटिरहित और अपडेट रखना है। इसमें नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, दर्ज नाम और अन्य जानकारी में सुधार कराने और अपात्र नामों पर आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया शामिल है। हरिदास सेमिनरी सभागार में कार्यशाला हुई अभियान की तैयारियों के लिए शनिवार को हरिदास सेमिनरी सभागार में कार्यशाला हुई।

इसकी अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी और डीएम शशांक शुभंकर ने की। इसमें जिले के सभी बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ), बीएलओ सुपरवाइजर और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यशाला में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की गतिविधियों, विशेष अभियान दिवसों की तैयारी और ज्यादा से ज्यादा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई।

महिलाओं के नाम कम दर्ज होने पर डीएम ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है और किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। महिलाओं के नाम कम है दर्ज उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं के नामांकन की स्थिति पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि जनसंख्या के अनुपात में निर्वाचक सूची में महिलाओं के नाम कम दर्ज हैं।

इस अंतर को दूर करने के लिए सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्र क्षेत्रों में घर-घर जाकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिन महिलाओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, उनकी पहचान कर उन्हें नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जाए। महिलाओं को आवेदन की प्रक्रिया समझाई जाए और आवश्यक प्रपत्र भरने में भी सहयोग किया जाए।

उन्होंने कहा कि महिला मतदाताओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करना इस अभियान की प्राथमिकता होनी चाहिए। 18 से 21 वर्ष के युवाओं पर रहेगा विशेष फोकस डीएम ने 18 से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करने के योग्य हो रहे युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना आवश्यक है।

बीएलओ अपने क्षेत्र के ऐसे युवाओं की पहचान करें और उन्हें मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दें। युवाओं को जागरूक कर उन्हें आवेदन करने में हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाए। एसआईआर और विधानसभा चुनाव में बेहतर काम करने वाले बीएलओ की सराहना डीएम शशांक शुभंकर ने बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर के पूर्व के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान सभी ने काफी सराहनीय कार्य किया है।

इसके अलावा बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को भी बीएलओ, सुपरवाइजर और संबंधित कर्मियों के सहयोग और बेहतर समन्वय से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। इसके लिए सभी कर्मी धन्यवाद के पात्र हैं। दो चरणों में होंगे विशेष अभियान दिवस जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए दो चरणों में विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं।

प्रथम विशेष अभियान दिवस 21 और 22 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। वहीं, द्वितीय विशेष अभियान दिवस 5-6 दिसंबर को आयोजित होगा। इन दिनों सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे, ताकि नागरिकों को आवेदन जमा करने और जानकारी प्राप्त करने में किसी तरह की परेशानी नहीं हो। तीन तरह के फॉर्म से होगा नाम जोड़ने और सुधार का काम निर्वाचन विभाग ने सभी बीएलओ को पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 उपलब्ध करा दिए हैं।

फॉर्म-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया जा सकता है। फॉर्म-7 का उपयोग मतदाता सूची से नाम हटाने या किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए किया जाएगा। वहीं, फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में सुधार, निवास स्थान परिवर्तन और अन्य अनुमन्य संशोधन के लिए आवेदन किया जा सकता है।

नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से निर्धारित प्रपत्र में आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग के आधिकारिक मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।