व्यापार

घोड़ासहन में महासप्तमी पर खुले मां दुर्गा के पट:आकर्षक सजावट और दूधिया रोशनी से जगमगाए पूजा पंडाल व बाजार

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
घोड़ासहन में महासप्तमी पर खुले मां दुर्गा के पट:आकर्षक सजावट और दूधिया रोशनी से जगमगाए पूजा पंडाल व बाजार

घोड़ासहन। शारदीय नवरात्र के सातवें दिन महासप्तमी पर शनिवार की देर रात घोड़ासहन शहर सहित पूरे प्रखंड क्षेत्र के पूजा पंडालों में मां दुर्गा के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। देवी के नेत्र अनावरण और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पट खुलते ही माता के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा।

'जय माता दी' के गगनभेदी जयकारों, गाजे-बाजे और भक्ति संगीत की मधुर धुनों से पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूब गया। शहर के सुप्रसिद्ध दुर्गा मंदिर, बस स्टैंड स्थित शिव शक्ति धाम, मातेश्वरी मंदिर, कुरनिया माता मंदिर, मुख्य बाजार, वीरता चौक, गांधी चौक, सार्वजनिक धर्मशाला, स्टेशन रोड, रेलवे गुमटी और लैन टोला सहित ग्रामीण इलाकों के बसवारिया, श्रीपुर, महदेवा, भेलवा बाजार, बालापुर, नोनौरा बाजार, जमुनिया बाजार, अमवा, टोनवा व कवैया आदि स्थानों पर स्थापित पूजा पंडालों में विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।

पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान उत्साही युवाओं और भक्तों ने आतिशबाजी कर मां का स्वागत किया। दुर्गा पूजा को लेकर सभी मंदिरों व पूजा पंडालों को आकर्षक स्वरूप दिया गया है। रंग-बिरंगी दूधिया लाइटों और भव्य तोरण द्वारों से पूरे बाजार और प्रमुख सड़क मार्गों को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

देर रात तक महिला-पुरुष और बच्चे नए परिधानों में पंडालों का भ्रमण करते नजर आए। मेले और भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पूजा समितियों के स्वयंसेवक मुस्तैदी से जुटे रहे। वहीं, विधि-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। संवेदनशील स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि श्रद्धालु निर्भीक होकर मां के दर्शन कर सकें।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।