भोपाल

गोवर्धन पर्व पर मध्यप्रदेश में होगा गौ-पूजन और पशुपालकों का सम्मान, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे 60 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि का अंतरण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
गोवर्धन पर्व पर मध्यप्रदेश में होगा गौ-पूजन और पशुपालकों का सम्मान, सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे 60 करोड़ से अधिक की अनुदान राशि का अंतरण

9 नवंबर को भोपाल के रवींद्र भवन में होगा राज्य स्तरीय समारोह,

गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के विजेताओं को मिलेंगे एक लाख,

50 हजार और 25 हजार रुपये; 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए गौशालाओं को मिलेगी अनुदान राशि

भोपाल, नवंबर 05: मध्यप्रदेश में गोवर्धन पर्व के अवसर पर 9 नवंबर को प्रदेशभर में गौ-पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल के रवींद्र भवन में दोपहर 12:30 बजे आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री गौ-पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे और उत्कृष्ट पशुपालकों को सम्मानित करेंगे। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग, श्रीकृष्ण पाथेय न्यास और संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। योजना के तहत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुपालक को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इसके साथ ही सभी विजेताओं को प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे। पुरस्कार राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियों के खातों में अंतरित होगी। मुख्यमंत्री प्रदेश के शीर्ष 10 दुग्ध उत्पादक पशुपालकों को भी सांकेतिक रूप से सम्मानित करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की 3 हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख गोवंश के भरण-पोषण के लिए सितंबर माह की 60 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित करेंगे। राज्य सरकार द्वारा गोवंश के संरक्षण, संवर्धन और बेहतर देखभाल के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

समारोह में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और पशुपालन क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके साथ ही गोवर्धन पर्व के महत्व को दर्शाती विशेष झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मुख्यमंत्री विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन भी करेंगे।

प्रदेशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य गोवंश संरक्षण और संवर्धन को प्रोत्साहित करने के साथ उत्कृष्ट पशुपालन करने वाले किसानों एवं पशुपालकों को प्रोत्साहन देना है। इसके माध्यम से पशुपालकों को आधुनिक एवं उन्नत पशुपालन पद्धतियों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।