ग्रामीण क्षेत्रों में सेवाभाव और समर्पण से स्वास्थ्य सेवाएं दें बांड डॉक्टर्स, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने किया प्रेरित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने भोपाल स्थित निवास कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शहडोल संभाग के शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिले में नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स से संवाद किया। उन्होंने चिकित्सकों को ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में संवेदनशीलता, सेवाभाव और समर्पण के साथ कार्य करते हुए आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सकों की सेवाएं स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने और आमजन का विश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने निर्देश दिए कि नवपदस्थ चिकित्सकों को स्वास्थ्य केंद्रों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध सुविधाओं, जांच सेवाओं, एंबुलेंस एवं रेफरल व्यवस्था और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं के संबंध में व्यवस्थित ओरिएंटेशन दिया जाए। उन्होंने एनीमिया मुक्त भारत, टीबी मुक्त भारत और गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग जैसे अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान, प्रसवपूर्व जांच और सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए उन्होंने निर्देश दिए कि बीएमओ सप्ताह में एक बार और सीएमएचओ महीने में एक बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि मरीजों को स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ई-संजीवनी टेलीमेडिसिन सेवा का प्रभावी उपयोग बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस सुविधा के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को विशेषज्ञ चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श उपलब्ध कराया जाए, जिससे उन्हें समय पर चिकित्सा सलाह मिल सके और अनावश्यक रूप से दूर जाने की आवश्यकता कम हो।
उन्होंने बांड डॉक्टर्स से पूरी प्रतिबद्धता और टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों की तैनाती स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण अवसर है। नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जा सकता है।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शहडोल संभाग के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी तथा नवपदस्थ बांड डॉक्टर्स शामिल हुए।