गुना- 28 अक्टूबर से शुरू होगा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर तक 60 दिवसीय तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, तंबाकू सेवन की शुरुआत रोकना तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न विभागों के समन्वय से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
अभियान के दौरान विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में तंबाकू निषेध शपथ, जागरूकता रैलियां, पोस्टर एवं निबंध प्रतियोगिताएं, नुक्कड़ नाटक तथा तंबाकू मुक्त परिसर अभियान आयोजित किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से तंबाकू मुक्त गांव बनाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही, सार्वजनिक स्थलों एवं शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू नियंत्रण कानूनों के उल्लंघन पर नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा तंबाकू छोड़ने के इच्छुक व्यक्तियों को जिला चिकित्सालय गुना स्थित तंबाकू नियंत्रण केंद्र (TCC) पर उपलब्ध परामर्श एवं उपचार सेवाओं की जानकारी दी जाएगी। राष्ट्रीय तंबाकू निषेध हेल्पलाइन 1800-112-356 का भी प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
अभियान में स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, पंचायत एवं नगरीय निकाय सहित संबंधित विभागों की सहभागिता से व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां संचालित कर युवाओं को तंबाकू से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।