गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं समाज को सेवा, सद्भाव और भाईचारे का मार्ग दिखाती हैं : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में टेका मत्था, बोले– नई पीढ़ी को गुरु नानक देव जी के जीवन चरित्र और आदर्शों से जोड़ना आवश्यक
भोपाल, 24 नवंबर 2026। गुरु नानक देव जी का जीवन चरित्र मानवता, सेवा, समानता और भाईचारे की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर ही हम समाज और मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को सार्थक रूप से निभा सकते हैं। यह बात उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर भोपाल की गल्ला मंडी स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में मत्था टेकने के बाद कही।
उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा गुरुद्वारे में उपस्थित संगत, माताओं-बहनों, गणमान्य नागरिकों और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हमारी संस्कृति एकता और भाईचारे का मजबूत आधार
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भारत की विरासत अत्यंत समृद्ध है। हमारी संस्कृति समाज को एकता, भाईचारे और संस्कारों के सूत्र में बांधती है। गुरु नानक देव जी जैसे महापुरुषों का जीवन हमें सिखाता है कि मनुष्य को किस प्रकार जीवन जीना चाहिए और दूसरों के दुख-दर्द दूर करने के लिए किस तरह समर्पित रहना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपना जीवन समाज और पीड़ित मानवता की सेवा में लगा देता है, वह अपने कार्यों से सदैव अमर रहता है। समय के साथ गुरु नानक देव जी के प्रति श्रद्धा और आस्था निरंतर बढ़ रही है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सेवा, सद्भाव और परस्पर सहयोग का संदेश देती हैं।
नई पीढ़ी को गुरु नानक देव जी के आदर्शों से जोड़ना जरूरी
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों और आने वाली पीढ़ी के मन-मस्तिष्क में गुरु नानक देव जी के जीवन, शिक्षाओं और चरित्र के आदर्शों को स्थापित करना आवश्यक है। इससे बच्चे अपने जीवन को सार्थक दिशा दे सकेंगे, गलत रास्तों से बचेंगे और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे।
उन्होंने सामाजिक भाईचारे को मजबूत करने, जागरूकता बढ़ाने और सेवा कार्यों में सिख समाज के योगदान की सराहना की।
सेवा और सहयोग का संकल्प ही प्रकाश पर्व की सच्ची सार्थकता
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व केवल रीवा या मध्यप्रदेश तक सीमित नहीं है, बल्कि देश और दुनिया में जहां भी भारतीय एवं सिख समाज के लोग रहते हैं, वहां इसे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि गुरु चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हमें यह संकल्प भी लेना चाहिए कि समाज में भाईचारा बढ़ाने और एक-दूसरे के सहयोग के गुरु नानक देव जी के संदेश को अपने आचरण में उतारेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही प्रकाश पर्व मनाने का उद्देश्य सार्थक होगा।
इस अवसर पर हरभगवान सिंह, परमजीत सिंह डंग, सुबेग सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।