गुरुनानक देव जी की सीख:जब तक अपनी बुरी आदतों को स्वीकार नहीं करेंगे, उन्हें छोड़ने का प्रयास सही दिशा में नहीं होगा
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →कहते हैं कि इंसान चाहे कितना भी गलत रास्ते पर क्यों न चला जाए, अगर उसके मन में खुद को बदलने की सच्ची इच्छा जाग जाए, तो उसकी जिंदगी बदल सकती है। लेकिन सवाल यह है कि आखिर बुरी आदतों को छोड़ा कैसे जाए?
इसका बेहद सुंदर जवाब गुरु नानक देव जी से जुड़ी एक प्रेरक कथा में मिलता है। आज (24 नवंबर) कार्तिक पूर्णिमा, गुरुनानक जयंती के अवसर पर जानिए गुरुनानक से जुड़ी प्रेरक कहानी… एक बार गुरु नानक देव जी अपने शिष्यों के साथ यात्रा करते हुए एक गांव पहुंचे। वहां उन्होंने डेरा लगाया और हर रोज लोगों को सत्य, ईमानदारी, प्रेम और सदाचार का उपदेश देने लगे।
दूर-दूर से लोग उनके विचार सुनने आने लगे। उन्हीं लोगों में एक डाकू भी शामिल था। वह डाकू दिनभर चोरी और लूटपाट जैसे गलत काम करता था, लेकिन गुरु नानक जी के उपदेश उसे भीतर तक प्रभावित करते थे। एक दिन वह हिम्मत जुटाकर अकेले में गुरु नानक जी के पास पहुंचा और बोला, "गुरुदेव!
मैं एक डाकू हूं। मैं अपने गलत काम छोड़ना चाहता हूं, लेकिन लाख कोशिश करने के बाद भी अपनी आदतों पर काबू नहीं कर पाता। कृपया मुझे कोई रास्ता बताइए। " गुरु नानक जी ने शांत भाव से कहा, "बेटा, बुरी आदतों को छोड़ने के लिए सबसे पहले अपने मन में मजबूत संकल्प पैदा करना होगा। बार-बार खुद से कहो कि मुझे गलत काम नहीं करना है। जब तुम्हारा इरादा मजबूत होगा, तब बदलाव की शुरुआत होगी। " यह सुनकर डाकू वहां से चला गया, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर लौट आया। उसने कहा, "गुरुदेव!
मैं कोशिश कर रहा हूं, लेकिन मेरी आदतें नहीं छूट रही हैं। " तब गुरु नानक जी ने उसे एक और तरीका बताया। उन्होंने कहा, "अब जब भी तुम कोई गलत काम करो, तो कम से कम एक व्यक्ति को उसके बारे में जरूर बताना। " डाकू ने यह बात मान ली। उसे लगा कि यह तो बहुत आसान काम है। मगर कुछ दिन बाद वह फिर गुरु नानक जी के पास पहुंचा। इस बार उसके चेहरे पर अलग ही भाव थे। उसने कहा, "गुरुदेव!
आपका बताया उपाय बहुत कठिन है। रोज अपने गलत काम किसी दूसरे को बताने में मुझे शर्म आने लगी। मैं अपने अपराधों का बोझ लेकर जीना नहीं चाहता। इसलिए मैंने दृढ़ संकल्प कर लिया है कि अब कोई गलत काम नहीं करूंगा। " गुरु नानक जी मुस्कराए। डाकू ने आखिरकार अपनी बुरी आदतें छोड़ने का निर्णय ले लिया था। इस कथा की सीख यही है कि बदलाव की शुरुआत दूसरों को बदलने से नहीं, बल्कि खुद को बदलने के संकल्प से होती है। प्रसंग की सीख
📡 स्रोत: NewsData.io