ग्वालियर सड़क हादसा: 15 श्रद्धालुओं की मौत, 42 घायल
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्वालियर में हुए सड़क हादसे में लोगों की मृत्यु पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। हादसे में 15 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 42 लोग घायल हुए हैं। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कल रविवार को अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
श्री सिंधिया ने हादसे की निष्पक्ष और सख्त जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। जिला प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और सात दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर एक सीएसपी को हटाने और आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।
राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर घायलों को दो-दो लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। तो वहीँ प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के निकटतम परिजन को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।