राज्य

ग्वालियर ट्रक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
ग्वालियर ट्रक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया दुख, मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ग्वालियर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात हुए ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। दुख की इस घड़ी में राज्य सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए राज्य शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपये, गंभीर रूप से घायल प्रत्येक व्यक्ति को 2 लाख रुपये और अन्य घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित परिवार ग्वालियर, शिवपुरी और श्योपुर के हैं। उन्होंने मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला को यथाशीघ्र ग्वालियर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल से दिवंगतों को अपने श्रीचरणों में स्थान देने, शोकाकुल परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

-----

  1. ग्वालियर ट्रक हादसे में श्रद्धालुओं की मृत्यु पर मुख्यमंत्री ने जताया दुख
  2. मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता
  3. गंभीर घायलों को 2-2 लाख और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये
  4. सभी घायलों का नि:शुल्क उपचार कराने के निर्देश
  5. मंत्री एदल सिंह कंषाना और राकेश शुक्ला जल्द पहुंचेंगे ग्वालियर
M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।