ग्वालियर- चार और जरूरतमंद महिलाएं बनीं ‘शक्ति दीदी’, थामा आत्मनिर्भरता का हाथ
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
शनिवार को जिले की 4 और जरूरतमंद महिलाएं शक्ति दीदी बनीं। जिले में अब 136 महिलाएं सफलतापूर्वक शक्ति दीदी के रूप में फ्यूल डिलीवरी वर्कर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर रुचिका चौहान ने शक्ति दीदी नवाचार किया है। यह नवाचार जरूरतमंद महिलाओं को केवल रोजगार देने के लिए ही नहीं, उन्हें समाज में सम्मान के साथ अपने पैरों पर खड़ा करने के उद्देश्य से किया गया है। ‘शक्ति दीदी’ बनकर महिलाएं स्वयं की पहचान तो बना ही रही हैं, साथ ही परिवार की आर्थिक मजबूती में भी सहभागी बनीं हैं।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने शनिवार 21 नवम्बर को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर चार महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलाई। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने श्री हरीलीला सर्विसेज पेट्रोल पंप लक्ष्मीगंज पर बेबी व सुषमा को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपी।
इसी तरह संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर दीपांजलि एवं संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया जयभारत पेट्रोलियम चंद्रबदनी नाका पर ममता शाक्य को शक्ति दीदी का दायित्व सौंपा।