राज्य

ग्वालियर- ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को खाद उपलब्ध कराने खाद दुकानों का निरीक्षण जारी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
ग्वालियर- ई-टोकन व्यवस्था के तहत किसानों को खाद उपलब्ध कराने खाद दुकानों का निरीक्षण जारी

इस कड़ी में कलेक्टर रुचिका चौहान के निर्देश पर गए किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के दलों द्वारा रविवार को जिले की 10 खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया। उप संचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास भानु प्रकाश शर्मा ने बताया कि विभाग के निरीक्षण दलों द्वारा खाद की दुकानों पर पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान किया जा रहा है।

साथ ही ई-टोकन व्यवस्था को पारदर्शिता के साथ लागू कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिन खाद की दुकानों पर पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और मौके पर उपलब्ध वास्तविक स्टॉक का मिलान नहीं होगा, उनके खिलाफ उर्वरक नियंत्रण आदेश के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जायेगी।

उप संचालक कृषि ने बताया कि रविवार को विभागीय दलों द्वारा गणेश ट्रेडिंग कंपनी मुरार, न्यू गंभीर खाद भण्डार मुरार, माठूलाल हरिशंकर गंज मुरार, शिव फर्टिलाइजर लक्ष्मीगंज, सांई कृषि सेवा केन्द्र व शीतला खाद बीज भण्डार गुड़ी गुड़ा का नाका का निरीक्षण किया गया। इसी तरह विभागीय टीम ने डबरा स्थित कामतानाथ बीज भण्डार, माँ उर्वरक खाद भण्डार व किसान एग्रीटेक संस्था का औचक निरीक्षण किया।

इस दौरान पीओएस में दर्ज खाद स्टॉक और मौके पर उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया गया। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खाद वितरण में पारदर्शिता के साथ कोई समझौता न हो। साथ ही किसानों को ई-टोकन व्यवस्था के तहत सुचारू रूप से खाद दिलाना सुनिश्चित करें। किसानों के हितों के विपरीत कोई अनियमितता पाई जाए तो सख्त कार्रवाई करें।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।