भोपाल

हज 2027: मेडिकल टेस्ट के लिए अलग से सरकारी अस्पताल में मेडिकल कैंप लगाए जाएं

लेखक: Santo अंतिम अपडेट: 8 सितंबर 2026 👁️ 4 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
हज 2027: मेडिकल टेस्ट के लिए अलग से सरकारी अस्पताल में मेडिकल कैंप लगाए जाएं

हज यात्रियों की सुविधा के लिए अस्पताल में हज कमेटी की ओर से मार्गदर्शक नियुक्त करने की मांग — हाजी मोहम्मद इमरान

भोपाल। कोमी खिदमतगार भोपाल के हाजी मोहम्मद इमरान ने मध्यप्रदेश हज कमेटी से मांग की है कि हज-2027 में चयनित हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण के लिए अपनी निगरानी में सरकारी अस्पताल में अलग से मेडिकल कैंप की व्यवस्था की जाए, ताकि हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों को मेडिकल जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

हाजी मोहम्मद इमरान ने कहा कि हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण को लेकर स्पष्ट व्यवस्था और उचित मार्गदर्शन बेहद जरूरी है। इसके लिए मध्यप्रदेश हज कमेटी की ओर से संबंधित सरकारी अस्पताल में एक मार्गदर्शक नियुक्त किया जाए, जो हज यात्रियों को मेडिकल प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और जांच संबंधी जानकारी उपलब्ध करा सके।

उन्होंने बताया कि आज कई हज यात्री शहर के 1250 स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की ओर से हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण के संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं होने का हवाला देते हुए उनकी जांच नहीं की गई। इससे हज यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा।

हाजी इमरान ने कहा कि यदि हज यात्रियों के मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल अथवा सरकारी व्यवस्था से कराई गई जांच को ही मान्यता दी जानी है, तो मध्यप्रदेश हज कमेटी का दायित्व है कि वह स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं संबंधित अस्पताल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर हज यात्रियों के लिए अलग मेडिकल कैंप की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

उन्होंने मध्यप्रदेश हज कमेटी से आग्रह किया कि हज-2027 की मेडिकल प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही सरकारी अस्पताल में कैंप, जांच की तारीख, समय और प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी जारी की जाए तथा अस्पताल में हज कमेटी की ओर से एक मार्गदर्शक की नियुक्ति की जाए।

हाजी मोहम्मद इमरान ने कहा कि बेहतर समन्वय और समय पर व्यवस्था होने से हज यात्रियों को अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सकता है और मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी सुचारु रूप से पूरी हो सकेगी।

S
Santo

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।