हमीरपुर में ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ को लेकर जागरूकता अभियान
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र लाभार्थियों के लिए ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ योजना के तहत देश में कहीं भी राशन लेने की सुविधा उपलब्ध है। योजना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हमीरपुर जिले में पंचायत स्तर पर ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।ग्राम सभाओं में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षकों ने पहुंचकर लोगों को ओएनओआरसी योजना की सुविधाओं और इसके उपयोग की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पात्र लाभार्थी अपने मौजूदा राशन कार्ड के जरिए किसी भी ई-पीओएस सक्षम उचित मूल्य की दुकान से अपनी पात्रता के अनुसार पूर्ण या आंशिक खाद्यान्न प्राप्त कर सकते हैं।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक आंचल कुमारी ने बताया कि यह सुविधा खासतौर पर प्रवासी श्रमिकों, कामगारों और रोजगार के सिलसिले में अपने गृह क्षेत्र से बाहर रहने वाले परिवारों के लिए उपयोगी है। अब लाभार्थियों को राशन लेने के लिए अपने मूल गांव या निर्धारित उचित मूल्य की दुकान पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। परिवार का कोई सदस्य दूसरे शहर या राज्य में रह रहा है तो वह वहीं अपनी पात्रता के अनुसार राशन प्राप्त कर सकता है। विभाग ने लोगों से ओएनओआरसी योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अन्य पात्र परिवारों को भी इस सुविधा के प्रति जागरूक करने की अपील की है।