हरदीप पुरी के भोपाल दौरे का विरोध करने पर युवा कांग्रेस नेता प्रिंस सिंह हिरासत में, सुबह 4:30 बजे पहुंची पुलिस
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
भोपाल। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के भोपाल दौरे के दौरान युवा कांग्रेस ग्रामीण उपाध्यक्ष प्रिंस सिंह को पुलिस ने सुबह करीब 4:30 बजे हिरासत में ले लिया। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुसार, जेफरी एपस्टीन से जुड़े सार्वजनिक दस्तावेजों में हरदीप सिंह पुरी के उल्लेख और सामने आए संपर्कों को लेकर संगठन विरोध जता रहा है। युवा कांग्रेस इसी मामले में जवाबदेही और पारदर्शिता की मांग कर रही है।
संगठन का कहना है कि केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान विरोध दर्ज कराने की आशंका के बीच प्रिंस सिंह को तड़के हिरासत में लिया जाना लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार पर सवाल खड़े करता है। युवा कांग्रेस ने इसे विरोध की आवाज दबाने की कार्रवाई बताते हुए कहा कि जनता के मुद्दों पर सवाल उठाना और जवाब मांगना लोकतंत्र में नागरिकों का अधिकार है।
युवा कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि हिरासत और पुलिस कार्रवाई से सवाल खत्म नहीं होंगे। संगठन हरदीप सिंह पुरी से जुड़े मामले में स्पष्टीकरण और पारदर्शिता की मांग को लेकर अपना विरोध जारी रखेगा।