राज्य

हरदोई की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 80 महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा सौंदर्यीकरण

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हरदोई की आठों विधानसभा क्षेत्रों में 80 महापुरुषों की प्रतिमाओं का होगा सौंदर्यीकरण

हरदोई में महापुरुषों की प्रतिमाओं को संवारने के लिए प्रदेश सरकार की डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत काम शुरू किया जा रहा है। जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 80 स्थलों का चयन किया गया है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 10-10 महापुरुषों की प्रतिमाओं का नवीनीकरण और सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।इस योजना के तहत चयनित सभी 80 स्थलों पर जनप्रतिनिधियों ने भूमि पूजन और शिलान्यास किया।

सदर विधानसभा के मानपुर गांव में राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल, शाहाबाद के किलकिल गांव में राज्यमंत्री रजनी तिवारी और सांडी के करीमनगर जलालपुर में विधायक प्रभाष कुमार ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।इसी तरह संडीला, बालामऊ, गोपामऊ, सवायजपुर और बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्रों में भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में भूमि पूजन और शिलान्यास किया गया।जिला समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार यादव ने बताया कि योजना के तहत बाबा साहेब डॉ.

भीमराव आंबेडकर सहित अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों और संबंधित विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।