कर हस्तांतरण के अंतर्गत उत्तराखण्ड को 1,244 करोड़ की धनराशि जारी
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
01 नवम्बर 2026, देहरादून: केंद्र सरकार ने आगामी त्योहारों के मौसम को देखते हुए राज्य सरकारों को 1 लाख 9 हजार 19 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कर हस्तांतरण किस्त जारी की है। इसमें उत्तराखंड को 1 हजार 244 करोड़ रुपये मिले हैं। यह राशि नियमित मासिक कर हस्तांतरण के अतिरिक्त है और चालू वित्त वर्ष में जारी की गई दूसरी अतिरिक्त किस्त है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड को यह धनराशि जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर जारी यह अग्रिम धनराशि प्रदेश में विकास परियोजनाओं को गति देने, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक होगी।
केंद्र सरकार ने राज्यों को पूंजीगत खर्च में तेजी लाने और विकास एवं कल्याण से जुड़े कार्यों के लिए धन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह राशि जारी की है।