हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मृतकों के शव देहरादून भेजे गए
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
01 नवम्बर 2026, चमोली: चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवाने वाले सभी छह लोगों के शवों को कड़ी मशक्कत के बाद सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया। इसके बाद हेलीकॉप्टर के माध्यम से सभी शवों को देहरादून भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी होने के बाद मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंपे जाएंगे।
शुक्रवार दोपहर हादसे की सूचना मिलते ही आईटीबीपी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, भारतीय सेना, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुट गई थीं। दुर्गम पहाड़ी रास्तों और विषम परिस्थितियों के बीच जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दिया। काफी मशक्कत के बाद सभी छह शवों को घटनास्थल से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया।
शवों की स्थिति देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन में राहत एवं बचाव दलों को भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।