हेमंत सरकार की विफलताओं के खिलाफ गोलबंद हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता, भरी हुंकार
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
रांची में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक का अंतिम दिन, सौदान सिंह, आदित्य साहू, गजेंद्र सिंह पटेल और पवन साय ने कार्यकर्ताओं का किया मार्गदर्शन, संगठनात्मक मजबूती, जनमुद्दों पर आंदोलन और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर दिया जोर।
Short Headline: हेमंत सरकार की विफलताओं के खिलाफ गोलबंद हुए भाजपा नेता और कार्यकर्ता, भरी हुंकार
25अक्टूबर, रांची: भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के अंतिम दिन समापन सत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं को राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल और संगठन महामंत्री पवन साय का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के अंतिम सत्र में समापन भाषण को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह ने कार्यसमिति बैठक के सफल आयोजन के लिए प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश नेतृत्व को धन्यवाद दिया। उन्होंने पिछले सात वर्षों में झारखंड के विकास की गति को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार नहीं बनने का खामियाजा इस राज्य सरकार के कुशासन के कारण झारखंड और झारखंड की जनता को भुगतना पड़ा है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य में भाजपा नेतृत्व की सरकार होती, तो झारखंड विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा होता।
सौदान सिंह ने कहा कि वर्तमान गठबंधन सरकार के कार्यकाल में राज्य का विकास पूरी तरह प्रभावित हुआ है। झारखंड सरकार को आम जनता के हितों को लेकर कोई सरोकार ही नहीं है। पूरा राज्य अराजकता, भ्रष्टाचार और कुशासन की चपेट में है। उन्होंने स्थानीय जनमुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष और आंदोलन करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर सरकार से उसके वादों का हिसाब मांगें और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष को और तेज करने की जरूरत है। गांव से लेकर शहर तक जनता की समस्याओं को उठाना, सरकार की जवाबदेही तय करना और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन खड़ा करना पार्टी कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की नीतियों और कार्यशैली से जुड़ी जनशिकायतों को मजबूती से उठाएं। युवाओं के रोजगार, विद्यार्थियों की समस्याओं, किसानों की चुनौतियों, गरीबों को सरकारी योजनाओं का लाभ और आम जनता को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसे मुद्दों पर सरकार को जवाब देने के लिए बाध्य करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सादगी और सेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच काम करें। जनता के सुख-दुःख में सहभागी बनें और संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं।
झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता के साथ मिलकर निर्णायक संघर्ष करेगी भाजपा : आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यसमिति के दूसरे दिन संबोधित करते हुए लगातार दो दिनों तक धैर्य, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ बैठक में उपस्थित रहने वाले सभी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने दोनों राजनीतिक प्रस्तावों का सकारात्मक समर्थन करने के लिए सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पार्टी की विचारधारा, संगठन के प्रति समर्पण और झारखंड के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
श्री साहू ने राज्य की स्थिति पर बोलते हुए कहा कि झारखंड सरकार ने इस राज्य को पूरी तरह से बर्बाद करके छोड़ दिया है। लोगों के मन में इस सरकार को हटाने की छटपटाहट साफ झलक रही है। उन्होंने झारखंड सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जनता के साथ मिलकर निर्णायक संघर्ष करने की बात कही।
उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाए। जनता को यह बताना आवश्यक है कि केंद्र सरकार देश के विकास और जनकल्याण के लिए निरंतर काम कर रही है, जबकि झारखंड में राज्य सरकार की विफलताओं के कारण आम लोगों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जिला अध्यक्षों को स्थानीय मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन करने का निर्देश दिया।
विकसित भारत के निर्माण में झारखंड की भूमिका होगी महत्वपूर्ण : गजेंद्र सिंह पटेल
प्रदेश कार्यसमिति बैठक को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यसमिति की बैठक में शामिल हुए और अपने मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार किया।
श्री पटेल ने विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर देश ने अमृतकाल में प्रवेश किया और स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जब देश विकसित बनेगा तब देश में गरीबी, बेरोजगारी नहीं रहेगी। देश को पुनः सोने की चिड़िया बनानी है। भारत को युद्ध और संघर्ष से सुपर पॉवर नहीं बनाना है। हमें विकसित भारत बनना है। उन्होंने कहा कि जिन झंडों में अत्याचार दुराचार की छवि होती है वह दुनियाँ में राज नहीं कर सकता है।
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत बनने के लिए देश को सुरक्षित होना पड़ेगा, भारत में समरसता होनी चाहिए। शास्त्र एवम शस्त्र दोनों रूप से भारत को शक्तिशाली बनाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिये सिप से लेकर चिप का निर्माण विकसित भारत बनाने के लिए कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकता बनने पर समाज में मान-सम्मान मिलता है। क्योंकि जनता को भाजपा पर भरोसा है कि यही पार्टी देश को सुरक्षित रख सकती है और विकसित बना सकती है।
उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने का मंत्र देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ करें। झारखंड़ भाजपा के पास अनुभवी कार्यकर्ताओं का एक बड़ा समूह है। इनके पास अनुभव और जानकारी दोनों है। इनके अनुभव का प्रयोग करते हुए हम काम करेंगे तो यहां सरकार बनाना मुश्किल नहीं है। श्री पटेल ने सामाजिक विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समाज में सक्रिय रूप से काम करने वाले लोगों को अभियान चलाकर भाजपा से जोड़ना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने के लिए झारखंड़ की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। हर काम के लिए कार्यकर्ता और हर कार्यकर्ता के लिए काम जरूरी है। कार्यकर्ताओं से सम्पर्क और संवाद करना जरूरी है।
संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के लिए समयबद्ध लक्ष्य पूरा करें कार्यकर्ता : पवन साय
झारखंड़ प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने प्रदेश कार्यसमिति की दूसरे दिन की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि दो दिनों की चर्चा में संगठन, राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और जनहित से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषय सामने आए हैं। इन विषयों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठनात्मक संरचना को मजबूत, सक्रिय और व्यवस्थित बनाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कार्यसमिति में हुई चर्चा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ठोस कार्ययोजना के साथ मैदान में उतरें। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
श्री साय ने संगठन को निचले स्तर तक मजबूत बनाने के लिए समयबद्ध लक्ष्य निर्धारित करते हुए प्रमंडल स्तर पर एक-एक प्रभारी नियुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जिला और मंडल स्तर की कार्यसमितियों का गठन, प्रत्येक शक्ति केंद्र में पांच कार्यकर्ता तैयार करने तथा प्रत्येक बूथ की आवश्यक संरचना समयबद्ध तैयार करने का लक्ष्य दिया।
उन्होंने भाजपा के सातों मोर्चों की कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि गठन से पहले सभी मोर्चा अध्यक्ष प्रदेश का प्रवास करें। इसके साथ ही पार्टी के 28 प्रकोष्ठों की संगठनात्मक संरचना का गठन भी निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
श्री साय ने कार्यकर्ताओं के प्रवास पर जोर देते हुए कहा कि संगठन को गति देने हेतु प्रवास जरुरी है। अतः आप कार्यकर्ता कम से कम सात दिनों की प्रवास जरूर करें। उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया की टीम को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
श्री साय ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए 26 अक्टूबर को महर्षि वाल्मीकि जयंती जिला एवं मंडल स्तर पर मनाने का निर्देश दिया। उन्होंने 31 अक्टूबर को ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम की व्यवस्थित तैयारी करने को कहा। वहीं उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती 15 नवंबर को मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को भव्य एवं व्यापक स्तर पर आयोजित करने पर विशेष जोर दिया।
सफल मन की बात कार्यक्रम का आयोजन कराने के लिए प्रदेश अध्यक्ष के द्वारा भाजपा के सांगठनिक जिला जमशेदपुर महानगर, चतरा, चक्रधरपुर, गढ़वा, रांची पूर्वी, धनबाद ग्रामीण, गिरीडीह ग्रामीण तथा रांची महानगर को मोमेंटो देकर सम्मानित किया।
कार्यसमिति की बैठक को सफल बनाने में लगे सभी प्रदेश एवं जिला के कार्यकर्ताओं का परिचय कराया गया और उनके दो दिनों से दिए जा रहे सेवा कार्य को लेकर मंच की तरफ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू एवम मंच संचालन प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह तथा अमर कुमार बाउरी ने सयुंक्त रूप से किया।