खेल

हाईवे पर उतरे सेना के 4 विमान, भारत में पहली बार बना रिकॉर्ड

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 27 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हाईवे पर उतरे सेना के 4 विमान, भारत में पहली बार बना रिकॉर्ड

भारतीय सेना के ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026’ के तहत चार माइक्रोलाइट विमानों ने राजस्थान के बांसवाड़ा में हाईवे पर सफल लैंडिंग की। देश में पहली बार हुई इस उपलब्धि ने सैन्य एयरो-एडवेंचर के क्षेत्र में नया कीर्तिमान बनाया।

बांसवाड़ा, 27 नवंबर | भारतीय सेना ने एयरो-एडवेंचर के क्षेत्र में एक नया इतिहास रच दिया है। सेना के ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ के राष्ट्रीय माइक्रोलाइट एवं पावर्ड हैंग ग्लाइडर अभियान ‘विंग्स ऑफ वैलर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन-2026’ के तहत चार माइक्रोलाइट विमानों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफल लैंडिंग की। देश में पहली बार चार माइक्रोलाइट विमानों की हाईवे पर एक साथ लैंडिंग को इस अभियान की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

14 नवंबर को मध्यप्रदेश के महू से शुरू हुआ यह अभियान करीब 3100 किलोमीटर की हवाई यात्रा पूरी कर 28 नवंबर को महू में संपन्न होगा। शुक्रवार को अभियान का दल बांसवाड़ा के तलवाड़ा हवाई पट्टी पहुंचा। यहां जिला कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव सहित बड़ी संख्या में लोगों ने विमानों का अवलोकन किया और अभियान की गतिविधियों की जानकारी ली।

हाईवे पर सफल लैंडिंग बनी आकर्षण का केंद्र

अभियान की सबसे खास उपलब्धि राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-754के पर चारों विमानों की सफल लैंडिंग रही। यह लैंडिंग एनएचएआई, नागरिक प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों के समन्वय से उड़ान सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के निर्धारित इंतजामों के बीच की गई।

चार विमान, अलग-अलग खूबियां

अभियान में चार तरह के माइक्रोलाइट और पावर्ड हैंग ग्लाइडर विमान शामिल हैं। इनमें एक्स-एयर 'हनुमान' की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा, सवाना एमएक्सपी-740 की 160 किलोमीटर प्रति घंटा, टनार्ग बायोनिक्स पावर्ड हैंग ग्लाइडर की 120 किलोमीटर प्रति घंटा और नुविक्स स्काईपर की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा है। इन विमानों की क्रूज गति 95 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक है।

देश के अलग-अलग क्षेत्रों से गुजरा अभियान

महू से रवाना हुए चार विमानों ने झाबुआ से उड़ान अभियान की शुरुआत की। इसके बाद दल मालवा और धार होते हुए वडोदरा पहुंचा। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के ऊपर से उड़ान के दौरान दल पर पुष्पवर्षा की गई। अभियान के दौरान गुजरात के तटीय क्षेत्रों, सोमनाथ और द्वारकाधीश मंदिरों के ऊपर से भी उड़ान भरी गई। जामनगर से मुंद्रा के बीच समुद्र के ऊपर करीब 48 किलोमीटर की उड़ान भी अभियान का हिस्सा रही।

युवाओं को एडवेंचर के लिए प्रेरित करना उद्देश्य

इस अभियान का उद्देश्य भारतीय सेना की साहसिक गतिविधियों और रोमांचप्रिय छवि को प्रस्तुत करने के साथ युवाओं में एडवेंचर के प्रति रुचि बढ़ाना और देश में एयरो-एडवेंचर खेलों को प्रोत्साहित करना है। इसके साथ ही तटीय क्षेत्रों, कच्छ के रण और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में इन विमानों की संचालन क्षमता का आकलन भी किया जा रहा है।

अभियान का नेतृत्व महू स्थित आर्मी एडवेंचर नोडल सेंटर (माइक्रोलाइट एवं पीएचजी), एमसीटीई के अनुभवी पायलट और उड़ान प्रशिक्षक कर रहे हैं। साहस, तकनीक और टीमवर्क का संगम बना यह अभियान भारतीय सेना के एयरो-एडवेंचर कौशल को प्रदर्शित कर रहा है।

बाईट - इंद्रजीत यादव, DM बाईट - कमांडर बीरेंद्र सिंह

💡 पृष्ठभूमि (Background)

इस खबर में भारतीय सेना के माइक्रोलाइट विमानों की पहली हाईवे लैंडिंग की बात है, जो एयरो-एडवेंचर में नया मील का पत्थर है। यह घटना सेना की तकनीकी क्षमताओं और साहसिक प्रयासों को दर्शाती है, जिससे राष्ट्रीय गर्व बढ़ता है। सार्वजनिक स्तर पर यह प्रेरणा देता है, युवाओं में एयरोस्पेस और सैन्य करियर के प्रति रुचि जगाता है, और भारत की विमानन क्षमताओं की विश्वसनीयता को बढ़ाता है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।