राज्य

हिमाचल में बदलेगा मौसम, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का दिखेगा असर,29 से 31 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी की संभावना

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हिमाचल में बदलेगा मौसम, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का दिखेगा असर,29 से 31 अक्टूबर तक बारिश-बर्फबारी की संभावना

29 से 31 अक्तूबर तक बारिश-बर्फबारी की संभावना

अक्तूबर 28, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 29 से 31 अक्तूबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग शिमला के निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में एक चक्रवाती तूफान अर्नब बना हुआ है, जो 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है हिमाचल प्रदेश में भी इसका असर देखने को मिलेगा।

इससे शिमला, सिरमौर, मंडी, सोलन और कांगड़ा जिलों में 29 और 30 अक्तूबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है जबकि किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी की संभावना बन रही है। शोभित कटियार ने बताया कि मौसम विभाग ने शिमला, सिरमौर, सोलन, मंडी और कांगड़ा जिलों के लिए दो दिन 29 और 30 अक्तूबर के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

हालाकि इस दौरान भारी बारिश या भारी बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। वर्तमान में प्रदेश के निचले इलाकों में दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री, मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में 20 से 26 डिग्री और हाई हिल्स में 15 से 20 डिग्री के बीच है, जो सामान्य से 1-2 डिग्री ज्यादा है। 29 से 31 अक्तूबर के बीच बारिश-बर्फबारी के कारण दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री तक की गिरावट आएगी और सर्दी बढ़ेगी।

31 अक्तूबर के बाद और 1 नवंबर से मौसम फिर साफ हो जाएगा और धूप खिलने से तापमान में फिर बढ़ोतरी होगी।

बाईट: शोभित कटियार, निदेशक, मौसम विज्ञान केन्द्र, शिमला

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।