हिमाचल में बारिश का दौर जारी, 30 सितंबर से मौसम खुलने की संभावना
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
सितंबर 28, शिमला (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार बीते 24 घंटों में प्रदेश के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि कांगड़ा जिले के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हुई।
शिमला, सिरमौर, मंडी और किन्नौर में मध्यम बारिश हुई है। वहीं किन्नौर, लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी भी दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर समेत मैदानी क्षेत्रों के अलावा मध्यवर्ती और ऊंचाई वाले जिलों में भी बारिश हो सकती है।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। कल 29 सितंबर से मौसम में सुधार आने की संभावना है। इस दौरान कांगड़ा और मंडी के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ होने की संभावना है। 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक मौसम के मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है।पिछले 48 घंटों से जारी मौसम गतिविधि के कारण प्रदेश में दिन के तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किए जा रहे हैं।
प्रदेश में मानसून की विदाई को लेकर अभी आधिकारिक अपडेट का इंतजार है। 30 सितंबर के बाद जब मौसम साफ होगा और परिस्थितियां अनुकूल बनेंगी, उसके बाद मानसून के वापसी को लेकर अपडेट जारी किया जाएगा।
बाईट: संदीप कुमार शर्मा, मौसम वैज्ञानिक, मौसम विज्ञान केंद्र, शिमला