राजनीति

हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से तालाबंदी की स्थिति, भाजपा की डबल इंजन सरकार ही देगी राहत : जयराम ठाकुर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से तालाबंदी की स्थिति, भाजपा की डबल इंजन सरकार ही देगी राहत : जयराम ठाकुर

सनातन और धर्म का प्रचार रोकने के लिए सनातन विरोधी सुक्खू ने बंद किया संस्कृत महाविद्यालय

अक्तूबर 26, शिमला (हिमाचल प्रदेश): पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के नोगली में आयोजित पंचायती राज संस्थाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान समारोह और कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कुप्रबंधन से चारों तरफ तालाबंदी की स्थिति बनी हुई है।

विकास कहीं हो नहीं रहा है और कर्ज़ पर कर्ज़ लेकर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में केवल भाजपा की डबल इंजन सरकार ही इस आर्थिक कुप्रबंधन से राहत दे सकती है। सुक्खू सरकार लॉक और लोन प्रिय सरकार बन चुकी है। न सरकार विकास करने में सक्षम है और न ही कानून व्यवस्था को सही करने में।

प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार की जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में पैदा की जा रही बाधाओं और ग्रामीण क्षेत्रों की निरंतर अनदेखी का खामियाजा आज प्रदेश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि रामपुर क्षेत्र की विकास संबंधी सभी अपेक्षाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा, जिसमें रुकी हुई विकास परियोजनाओं को गति देने के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कोई भी सरकार विकास को आगे बढ़ाने के लिए चुनी जाती है, लेकिन दुर्भाग्य से हिमाचल प्रदेश में झूठी गारंटियों के सहारे सत्ता में आई कांग्रेस सरकार ने पद संभालते ही जनहित में खुले 2000 से अधिक सरकारी संस्थानों पर ताले लगा दिए। अब सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने को हैं, फिर भी धरातल पर कहीं कोई विकास कार्य दिखाई नहीं दे रहा है और पूरे प्रदेश में तालाबंदी की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केवल अपने गृह क्षेत्र नादौन और अपनी पत्नी के निर्वाचन क्षेत्र देहरा पर ही प्रदेश का सारा बजट खर्च कर रहे हैं और बाकी 66 विधानसभा क्षेत्रों की पूरी तरह से अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चुनाव को मात्र एक वर्ष शेष रहने पर इस सरकार ने राजनीतिक नमकसद से नए संस्थान खोले, तो भाजपा की सरकार आने पर उन सभी फैसलों की समीक्षा की जाएगी और बंद किए गए संस्थानों को पुन: बहाल किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि रामपुर में उमड़ी भारी भीड़ ने इस कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के प्रति अपार जनसमर्थन में बदल दिया है। आने वाले समय में रामपुर से जो थोड़ी कसर रह गई थी, वह ऐतिहासिक अंतर से जीत में बदलेगी और रामपुर से भाजपा का विधायक होगा। उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए यहाँ मिले ऊर्जावान और सशक्त युवा नेतृत्व को आगामी विधानसभा चुनाव में जिताकर विधानसभा पहुँचाने का आह्वान किया।

कांग्रेस नेतृत्व पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता अब मर्यादाओं को लांघ चुके हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर अपमानजनक टिप्पणी करके उन्होंने अपने दल का असली चरित्र उजागर कर दिया है। राहुल गांधी की बार-बार हो रही नाकाम रिलॉंचिंग से बढ़ रही है कांग्रेस में हताशा, इसीलिए घटिया बयानबाज़ी कर रहे हैं।

कांग्रेस और उसके कुछ नेता राहुल गांधी को ढोने को अभिशप्त हो सकते हैं पूरा देश नहीं। राहुल गांधी और कांग्रेस के छुटभैए नेता के साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी प्रधानमंत्री के पिता पर की गई घटिया टिप्पणी का जवाब हर देशवासी देगा। उन्होंने आगे कहा कि पंचायती राज और स्थानीय निकाय चुनावों में पराजय के बाद मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व पर सवाल खड़े हो गए हैं, उन्हें न तो उनका मंत्रिमंडल गंभीरता से ले रहा है और न ही प्रशासनिक अधिकारी।

अब 2027 में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।