राजनीति

हिमाचल में मानसून से 3,000 करोड़ से ज्यादा का नुकसान, सेब उत्पादन में भी भारी गिरावट: जगत नेगी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 30 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हिमाचल में मानसून से 3,000 करोड़ से ज्यादा का नुकसान, सेब उत्पादन में भी भारी गिरावट: जगत नेगी

हिमाचल प्रदेश में मानसून के अंतिम चरण में हुई भारी बारिश से राज्य के कई हिस्सों में नुकसान हुआ है। राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि इस मानसून सीजन में प्रदेश को 3,000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। केंद्र की टीमें भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन कर रही हैं।

हालिया राज्य आपदा आंकड़ों के अनुसार 28 सितंबर तक मानसून से जुड़ा संचयी नुकसान 3,220 करोड़ रुपये से अधिक दर्ज किया गया था।जगत सिंह नेगी ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर भी राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो रहे हैं।

हालांकि, हिमाचल प्रदेश को SIR के तीसरे चरण में शामिल नहीं किया गया था और चुनाव आयोग ने कहा था कि हिमाचल के लिए कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।

सेब की फसल को लेकर नेगी ने कहा कि मौसम की मार से इस बार उत्पादन में भारी गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि अब तक करीब 1.14 करोड़ सेब की पेटियां मंडियों में पहुंची हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि तक लगभग 1.76 करोड़ पेटियां पहुंच चुकी थीं। उन्होंने कहा कि सरकार मंडी मध्यस्थता योजना के तहत खरीद मूल्य बढ़ाने का प्रस्ताव आगामी कैबिनेट में लाएगी।

इस साल सेब उत्पादन में बड़ी गिरावट की संभावना पहले भी जताई गई है। किन्नौर कांग्रेस में चल रहे विवाद पर भी जगत सिंह नेगी ने प्रतिक्रिया दी। कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के अनुशासन संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि पार्टी का अनुशासन सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए। नेगी ने कहा कि उन्होंने अपनी बात पार्टी फोरम पर रखी है और संगठन से जुड़े मुद्दों को पार्टी के भीतर ही उठाया है।

कैबिनेट विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर राजस्व मंत्री ने कहा कि मंत्रिमंडल विस्तार मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र का विषय है। उन्होंने कहा कि यदि विस्तार किया जाना है तो इसे समय रहते किया जाना चाहिए।

बाइट... जगत सिंह नेगी... बागवानी एवं राजस्व मंत्री हिमाचल प्रदेश

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।