हिमाचल सरकार के खजाने पड़े हैं खाली: महाजन
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
अक्तूबर 14,चंबा (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल का विकास सिर्फ भारत सरकार द्वारा जारी बजट से हो रहा है जबकि हिमाचल सरकार के खजाने खाली पड़े हैं। यह बात राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कही। उन्होंने कहा कि वहीँ अब चम्बा-पठानकोट नेशनल हाईवे और चंबा-किलाड़ स्ट्रेटजिक रोड के प्रोजेक्ट पूरे हो जाने से जिला चम्बा आकांक्षी जिला की श्रेणी से बाहर आ जाएगा।
ये बात सांसद हर्ष महाजन ने आज चम्बा जिला मुख्यालय के होटल इरावती में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित केंद्र के शीर्ष नेतृतव का आभार भी जताया। हर्ष महाजन ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना चरण 4 के तहत 65 सड़कों के निर्माण हेतु चम्बा जिला को भारत सरकार ने 500 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की है।
इसके अलावा चम्बा-पठानकोट एनएच के सुदृढ़करण पर इस वर्ष 500 करोड़ रुपए व्यय किए जाएंगे। इसके अलावा चम्बा-किलाड़ रोड का प्रोजेक्ट भी हजारों करोड़ का है जो जिला चम्बा की तस्वीर बदल देगा। हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल में मित्रों की सरकार चल रही है और भ्रष्टाचार का बोलबाला है जबकि कानून व्यवस्था चरमराई हुई है।
केंद्र सरकार द्वारा जारी पैसे को प्रदेश सरकार लेप्स कर रही है। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश के विकास खंडो में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और टाईलों व पौधरोपण के नाम पर करोड़ो रुपए की धांधली की गई है जबकि धरातल पर कोई काम नहीं हुआ है। प्रदेश में भाजपा सरकार बनते ही इन मामलों की उच्च स्तरीय जाँच करवाई जाएगी और संलिप्त अधिकारियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हर्ष महाजन ने कहा कि हिमाचल में 9 हेलीपेड के लिए भाजपा कि केंद्र सरकार ने 13-13 करोड़ रुपए की धनराशि जारी की जबकि इसका श्रेय कांग्रेस सरकार ले रही है।