खेल

हिमाचल को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देना जरूरी: अनुराग सिंह ठाकुर

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हिमाचल को स्पोर्ट्स हब बनाने के लिए प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देना जरूरी: अनुराग सिंह ठाकुर

हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने रग्बी टीम के खिलाड़ियों से किया संवाद

अक्तूबर 26, हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश): हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज दिल्ली स्थित अपने आवास पर हिमाचल प्रदेश रग्बी टीम के खिलाड़ियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के साथ खेलों के विकास, खिलाड़ियों की चुनौतियों तथा प्रदेश में रग्बी को बढ़ावा देने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवभूमि हिमाचल का मान-सम्मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि हिमाचल को देश का प्रमुख खेल केंद्र बनाने के लिए खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संगठनों को मिलकर प्रयास करने होंगे।

बैठक के दौरान खिलाड़ियों की आवश्यकताओं, उनकी चुनौतियों, भविष्य की आकांक्षाओं और प्रशिक्षण सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख चंद्र मोहन शर्मा, कोच धर्मेंद्र चौधरी, मैनेजर त्रिशला देवी और विजय कुमारी सहित टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। चर्चा में प्रदेश के ग्रामीण और जमीनी स्तर पर रग्बी प्रतिभाओं की पहचान, चयन प्रक्रिया को बेहतर बनाने, प्रशिक्षण पद्धतियों में सुधार तथा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

अनुराग सिंह ठाकुर ने खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और हिमाचल को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।