राजनीति

हिनौती गौधाम के गौ सेवकों का मानदेय बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 24 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
हिनौती गौधाम के गौ सेवकों का मानदेय बढ़ाकर 9 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाएगा : उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल

बसामन मामा गौवंश वन्य विहार की तर्ज पर प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को भी मिलेंगे 15 हजार रुपये, गौशालाओं के लंबित भुगतानों और विकास कार्यों को लेकर दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

भोपाल, 24 नवंबर 2026। गौवंश संरक्षण और गौसेवा से जुड़े कर्मचारियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हिनौती गौधाम के गौ सेवकों के मानदेय में वृद्धि के निर्देश दिए हैं। अब यहां गौ सेवकों को 7 हजार रुपये के स्थान पर 9 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इसी तरह प्रबंधक एवं सहायक प्रबंधक का मासिक मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार रुपये किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा के सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार एवं हिनौती गौधाम सहित क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में गौशालाओं के बेहतर प्रबंधन, कर्मचारियों के मानदेय, लंबित भुगतान और अधोसंरचना विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

गौ सेवकों के मानदेय में वृद्धि, हर महीने होगा नियमित भुगतान

उपमुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बसामन मामा गौवंश वन्य विहार की व्यवस्था के अनुरूप हिनौती गौधाम के प्रबंधक और सहायक प्रबंधक को 15 हजार रुपये तथा गौ सेवकों को 9 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ सेवकों के मानदेय के साथ गौमाता के लिए भूसा, चारा और चोकर की राशि का भुगतान भी हर महीने नियमित रूप से सुनिश्चित किया जाए। इससे गौशालाओं में काम करने वाले कर्मचारियों को समय पर आर्थिक सहायता मिलेगी और गौवंश की देखभाल की व्यवस्था बेहतर बनाई जा सकेगी।

लंबित भुगतानों के शीघ्र निराकरण के निर्देश

बैठक में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार और हिनौती गौधाम में कराए गए विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के लंबित भुगतानों की समीक्षा की गई। उपमुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को लंबित भुगतान का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों से जुड़े कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

हिनौती गौधाम तक सड़क निर्माण जल्द होगा शुरू

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कटरा मार्ग से हिनौती गौधाम को जोड़ने वाले स्वीकृत मार्ग का निर्माण तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गौधाम के सामुदायिक भवन की टेंडर प्रक्रिया और नवीन शेड के निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने तथा तैयार होने पर उनका लोकार्पण करने को लेकर भी चर्चा की गई।

बैठक में बसामन मामा गौवंश वन्य विहार एवं हिनौती गौधाम के अध्यक्ष के बैंक खाते के संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई।

इस अवसर पर गौ संवर्धन बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष राजेश पाण्डेय, संबंधित विभागों के अधिकारी और गौशाला संचालन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।