खेल

India A vs New Zealand A: जीत से 1 विकेट दूर रह गई भारतीय टीम, खराब रोशनी से ड्रॉ हुआ Test

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 27 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
India A vs New Zealand A: जीत से 1 विकेट दूर रह गई भारतीय टीम, खराब रोशनी से ड्रॉ हुआ Test

तेज गेंदबाज औकिब नबी ने नई गेंद से शानदार शुरुआत करके मंगलवार को यहां न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए लेकिन खराब रोशनी के कारण भारत ए इस चार दिवसीय अनौपचारिक टेस्ट मैच में जीत हासिल करने से चूक गया। भारत ने अपनी दूसरी पारी में 516 रन का विशाल स्कोर बनाकर न्यूजीलैंड ए के सामने 313 रन का लक्ष्य रखा था।

न्यूजीलैंड ए ने जब अपनी दूसरी पारी में नौ विकेट पर 187 रन बनाए थे तब अंपायरों ने खराब रोशनी के कारण खेल रोक दिया। उस समय 17 ओवर का खेल होना बाकी था और भारत ए की जीत सुनिश्चित लग रही थी। नबी ने 10 ओवर में 28 रन देकर तीन विकेट लिए तथा अपनी स्विंग और सीम मूवमेंट से न्यूजीलैंड ए के बल्लेबाजों के लिए मुश्किल पैदा की।

उन्होंने तीन विकेट जल्दी हासिल करके भारत को जीत की राह पर खड़ा कर दिया था। लेकिन आखिर में यह मैच ड्रॉ समाप्त हुआ। ठंड के कारण खिलाड़ी असहज महसूस कर रहे थे। केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल और देवदत्त पडिक्कल ऊनी टोपी पहने हुए नजर आए। दूसरा अनौपचारिक टेस्ट मैच 31 अक्टूबर को क्राइस्टचर्च के हैगली ओवल में शुरू होगा।

भारतीय टीम प्रबंधन न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैच की श्रृंखला से पहले राहुल (0 और 4), जायसवाल (17 और 5) और भारत ए के कप्तान ध्रुव जुरेल (1 और 2) से अगले मैच में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेगा। भारत के लिए हालांकि पडिक्कल (32 और 199) का प्रदर्शन सकारात्मक पहलू रहा जिससे भारतीय टीम पहली पारी में 204 रन से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करने में सफल रही।

भारत ने अपनी पहली पारी में 113 रन बनाए थे जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने 317 रन बनाए थे। भारत ए ने चौथे दिन की शुरुआत आठ विकेट पर 488 रन से की। आकाश दीप (17 गेंदों में 25 रन) ने तीन छक्के लगाकर कुल स्कोर को 500 रन के पार पहुंचाया। नबी ने तीन बेहतरीन इन-कटर गेंदों पर कप्तान रीस मारियू (02), टिम रॉबिन्सन (00) और मैथ्यू बॉयल (04) को आउट करके न्यूजीलैंड का स्कोर तीन विकेट पर 14 रन कर दिया।

इसके बाद सलामी बल्लेबाज कर्टिस हीफी (नाबाद 90) और डीन फॉक्सक्रॉफ्ट (42) ने चौथे विकेट के लिए 78 रन जोड़े। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह रही कि उन्होंने 20 से अधिक ओवर तक बल्लेबाजी की। मुकेश चौधरी ने फॉक्सक्रॉफ्ट को आउट करके यह साझेदारी तोड़ी जिसके बाद फिर से विकेटों की झड़ी लग गई। यहां तक कि पडिक्कल ने भी अपनी ऑफ-ब्रेक गेंदबाजी से दो विकेट लिए।

जब आकाश दीप ने आक्रामक बल्लेबाज साइमन कीन को आउट किया तब न्यूजीलैंड ए का स्कोर 55.3 ओवर में नौ विकेट पर 170 रन था। लेकिन इसके बाद हीफी और 11वें नंबर के बल्लेबाज जेडन लेनोक्स ने करीब 10 ओवर तक बल्लेबाजी की। अंपायरों ने कम रोशनी के कारण तेज गेंदबाजों को गेंदबाजी करने की अनुमति नहीं दी, जिससे न्यूजीलैंड की टीम को मदद मिली।

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।