इंडिया फ्रीडम रन 7.0 अभियान के तहत प्लॉग रन आयोजित
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
जयपुर, 28 अक्टूबर। केंद्रीय होम्योपैथी अनुसंधान संस्थान जयपुर की ओर से फिट इंडिया फ्रीडम रन 7.0 अभियान के तहत जल महल के समीप तीन किलोमीटर की प्लॉग रन आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने दौड़ने और पैदल चलने के साथ रास्ते में साफ—सफाई की। इस पहल के जरिए शारीरिक सक्रियता के साथ पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम प्रभारी अधिकारी डॉ. निधि महाजन और नोडल अधिकारी डॉ. उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें राष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज ओम प्रकाश, एक निजी होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुधीर शर्मा, प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग की सहायक आचार्य डॉ. ऋचा शर्मा सहित अन्य प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को नियमित व्यायाम, सक्रिय जीवनशैली और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया। फिट इंडिया अभियान के संदेश 'फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज' के अनुरूप आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।