Indonesia के Java Sea में नौका डूबने से 6 की मौत, लापता 129 लोगों के लिए बचाव अभियान तेज
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
इंडोनेशिया के प्राधिकारियों ने जावा सागर में खराब मौसम के कारण एक नौका के पलटने के बाद लापता हुए कई लोगों की तलाश सोमवार को तेज कर दी। इस हादसे में कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गई है जबकि 129 लोग अब भी लापता हैं। ‘विर्गो ट्रांसपोर्ट 8’ नाम की नौका में 240 से अधिक लोग सवार थे। नौका के कैप्टन ने आपात संदेश भेजकर बताया था कि समुद्र में तेज लहरों के बीच नौका एक तरफ झुक रही है।
उस समय लहरों की ऊंचाई तीन मीटर (10 फुट) तक थी। यह नौका पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया से बोर्नियो द्वीप के दक्षिण कालीमंतन प्रांत के बंजर्मासिन जा रही थी। शनिवार देर रात करीब दो बजे नौका से संपर्क टूट गया। इसके करीब दो घंटे बाद रविवार तड़के अधिकारियों को सूचना मिली कि यह नौका जावा सागर के मासालेंबो जलक्षेत्र में पलट गई है।
यह स्थान बंजर्मासिन से करीब 148 किलोमीटर दूर है। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी की ओर से रविवार को जारी वीडियो में हेलीकॉप्टर से चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान समुद्र में एक पलटी हुई नौका तैरती हुई दिखाई दी। राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख मोहम्मद स्याफई ने बताया कि सोमवार को तलाश अभियान के लिए 17 जहाज और विमान तैनात किए गए हैं।
इसमें सेना, पुलिस और अन्य एजेंसियों के करीब 622 कर्मी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तलाशी अभियान को तेज करने और पीड़ितों को निकालने की प्रक्रिया तेज करने के लिए विशेष तौर पर पानी के भीतर काम करने वाली टीम और नौसेना द्वारा संचालित ‘अंडरवाटर ड्रोन’ को भी तैनात किया जा रहा है। स्याफई ने वीडियो ब्रीफिंग में कहा, ‘‘हमें अब भी और लोगों के जीवित मिलने की उम्मीद है।’’ तलाशी टीम ने आसपास मौजूद टगबोट और अन्य जहाजों की मदद से रविवार को 108 लोगों को बचाया और छह शव बरामद किए।
जहाज के मैनिफेस्ट (यात्रियों और सामान का विवरण) के अनुसार इसमें 243 लोग सवार थे जिनमें 213 यात्री और 30 चालक दल के सदस्य शामिल थे।
📡 स्रोत: NewsData.io
🎙️ जनता का संदेश का मत
इस दुखद नौका दुर्घटना से हमें यह याद दिलाता है कि जीवन की सुरक्षा के लिए हमेशा सतर्क रहना चाहिए। मौसम की अनिश्चितता को नजरअंदाज कर यात्रा करने से बचें और जहाज़ों के सुरक्षा मानकों का पालन करें। परिवारों को आपातकालीन योजनाएँ बनानी चाहिए, और सरकार को नौका संचालन पर कड़ी निगरानी रखनी चाहिए। इस घटना में खोए हुए जीवन के प्रति गहरी संवेदना रखते हुए, हम सभी को सुरक्षित यात्रा के लिए जागरूक और जिम्मेदार बनना चाहिए।