राज्य

इंदौर- 23-24 अक्टूबर को होगा मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
इंदौर- 23-24 अक्टूबर को होगा मध्यप्रदेश सेमीकंडक्टर समिट-2026 का आयोजन

समिट में सेमीकंडक्टर विनिर्माण, चिप डिज़ाइन, उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, अनुसंधान एवं नवाचार तथा कुशल मानव संसाधन विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। आयोजन के दौरान 8 पैनल चर्चाएँ, 5 राउंडटेबल बैठकें और 2 मुख्य व्याख्यान होंगे। इसके साथ ही 50 से अधिक कंपनियाँ प्रदर्शनी में अपनी तकनीकी क्षमताओं, उत्पादों और समाधानों का प्रदर्शन करेंगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव समिट के पहले दिन ‘सेमीकंडक्टर हब के रूप में मध्यप्रदेश का विज़न’ विषय पर उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। इसके बाद उन्नत पैकेजिंग एवं टेस्टिंग हब के रूप में मध्यप्रदेश का विकास, फैबलेस इकोसिस्टम का निर्माण तथा सेमीकंडक्टर विनिर्माण एवं आपूर्ति शृंखला जैसे विषयों पर पैनल चर्चाएं होंगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इंफ्रास्ट्रक्चर, फैबलेस उत्पाद एवं बौद्धिक संपदा से जुड़ी कंपनियों तथा प्रमुख शिक्षण संस्थानों के निदेशकों एवं कुलपतियों के साथ राउंडटेबल बैठकें भी आयोजित की जाएँगी। इससे उद्योग, शिक्षा और अनुसंधान संस्थानों के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।

समिट के दूसरे दिन चिप प्रौद्योगिकी, एआई, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पाद निर्माण, डिज़ाइन सेवाओं, अनुसंधान एवं विकास तथा प्रतिभा संवर्धन पर चर्चा होगी। फोटोनिक्स एवं क्वांटम प्रौद्योगिकी तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों से संबंधित बैठकें भी होंगी। ‘मध्य प्रदेश सेमीकॉन स्टार्टअप प्रतियोगिता’ के अंतिम चरण में चयनित विजेताओं को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।