अपराध

इंदौर में संघ की तीन दिवसीय बैठक का समापन, मोहन भागवत समेत 400 प्रतिनिधियों ने की संगठन के विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर चर्चा

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
इंदौर में संघ की तीन दिवसीय बैठक का समापन, मोहन भागवत समेत 400 प्रतिनिधियों ने की संगठन के विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों पर चर्चा

इंदौर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की तीन दिवसीय अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक का आज बुधवार समापन हुआ। बैठक में सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले समेत देशभर के करीब 400 पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की समीक्षा, संगठन के विस्तार, नई शाखाएं शुरू करने और युवाओं में बढ़ते नशे जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही शिक्षा, विदेशों में संघ के काम और पंच परिवर्तन को आम लोगों तक पहुंचाने की आगामी योजनाओं पर भी विचार किया गया।

बैठक के बाद सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने पत्रकारों से बातचीत की और कई अहम मुद्दों पर अपनी बात रखी। आरक्षण के सवाल पर उन्होंने कहा कि समाज में जब तक पिछड़ापन है, तब तक पिछड़े वर्गों को आरक्षण की व्यवस्था मिलती रहनी चाहिए। संघ के रजिस्ट्रेशन को लेकर उन्होंने कहा कि आरएसएस समाज का हिस्सा है और वह देश के कानून के मुताबिक काम कर रहा है।

श्री होसबाले ने युवाओं को सकारात्मक कार्यक्रमों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी भी नशे की चपेट में आ रही है, जिस पर संघ के कार्यकर्ता काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाढ़ और चक्रवात प्रभावित इलाकों में संघ के स्वयंसेवकों ने राहत अभियान चलाया। असम के शिवसागर और जोरहाट में 1600 से ज्यादा स्वयंसेवकों ने करीब 42 हजार 200 परिवारों तक भोजन, पानी और दवाइयां पहुंचाईं। इसके अलावा करीब 150 परिवारों को मकान दोबारा बनाने के लिए मदद दी गई। ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भी चक्रवात प्रभावित किसानों, मछुआरों और परिवारों की सहायता की गई।

अभिनव गोयल, आकाशवाणी समाचार, भोपाल

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।