राजनीति

ईरान युद्ध से रिपब्लिकन पार्टी को हुआ मध्यावधि चुनाव में नुकसान, ट्रंप बोले- मौका मिला तो फिर करेंगे हमले

लेखक: JKS News Desk अंतिम अपडेट: 5 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
ईरान युद्ध से रिपब्लिकन पार्टी को हुआ मध्यावधि चुनाव में नुकसान, ट्रंप बोले- मौका मिला तो फिर करेंगे हमले

Trump on US Midterm Elections: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्वीकार किया है कि ईरान के साथ सैन्य टकराव का असर रिपब्लिकन पार्टी के मध्यावधि चुनावों के प्रदर्शन पर पड़ा.

उन्होंने कहा कि संघर्ष के दौरान पेट्रोल की कीमतों में आई तेजी ने मतदाताओं को प्रभावित किया और पार्टी को इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ा. हालांकि, ट्रंप ने सैन्य कार्रवाई के अपने फैसले पर किसी तरह का अफसोस नहीं जताया.

उन्होंने साफ कहा कि अगर उन्हें दोबारा ऐसा फैसला लेने का मौका मिला, तो वह फिर वही कदम उठाएंगे. ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान पर क्या बोले ट्रंप?

बुधवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान और उससे पैदा हुई महंगाई ने चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की स्थिति कमजोर कर दी.

इसके साथ ही उनसे जब उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के उस बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई, जिसमें उन्होंने पार्टी की हार के लिए ईरान युद्ध को जिम्मेदार बताया था, तो ट्रंप ने कहा कि यह आकलन काफी हद तक ठीक है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि संघर्ष के कारण कुछ समय के लिए पेट्रोल की कीमतें बढ़ गई थीं और इसका चुनावी नतीजों पर असर पड़ा.

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राजनीतिक नुकसान की तुलना में अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा कहीं अधिक महत्वपूर्ण है.

ईरान को परमाणु शक्ति बनने से रोकना जरूरी- ट्रंप इसके साथ ही अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान का बचाव करते हुए कहा कि अमेरिका किसी भी परिस्थिति में ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने की अनुमति नहीं दे सकता.

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस खतरे को रोकने के लिए सैन्य कार्रवाई जरूरी थी. ट्रंप ने कहा कि अगर उन्हें फिर से यही निर्णय लेना पड़े तो वह पीछे नहीं हटेंगे.

उनका मानना है कि ईरान को परमाणु हथियारों से दूर रखना अमेरिका की दीर्घकालिक सुरक्षा के लिए आवश्यक है.

उन्होंने अमेरिकी सैन्य अभियान की सफलता का दावा करते हुए कहा कि इस कार्रवाई में ईरान की सैन्य ताकत को गंभीर नुकसान पहुंचा है.

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की नौसेना और वायुसेना की क्षमताएं लगभग खत्म हो चुकी हैं. इसके अलावा, उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि सैन्य अभियान के दौरान अमेरिका ने अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए जो कदम उठाए, वे जरूरी थे और वह उनमें कोई बदलाव नहीं करना चाहते.

होर्मुज से तेल की आवाजाही पर ट्रंप का दावा ईरान संघर्ष के दौरान वैश्विक स्तर पर चिंता की सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य में बाधित हुई तेल आपूर्ति भी रही यह समुद्री रास्ता वैश्विक ऊर्जा व्यापार के लिहाज से बेहद अहम है, क्योंकि दुनिया के तेल कारोबार का एक बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से गुजरता है.

ऐसे में ट्रंप ने दावा किया कि संघर्ष के शुरुआती दिनों की तुलना में अब इस रास्ते से तेल की आवाजाही में काफी सुधार हुआ है.

उन्होंने कहा कि शुरुआत में इस समुद्री मार्ग से तेल का निर्यात लगभग ठप हो गया था, लेकिन अब बड़ी मात्रा में तेल की आपूर्ति दोबारा शुरू हो गई है.

ट्रंप ने कहा कि मिडटर्म चुनावस में हुए नुकसान के पीछे युद्ध से ज्यादा ईंधन की बढ़ी हुई कीमतें एक अहम वजह रहीं, यानी तेल महंगा होने का सीधा असर आम लोगों पर पड़ा, जिसका राजनीतिक नुकसान रिपब्लिकन पार्टी को उठाना पड़ा.

पीट हेगसेथ को पद से हटाने की अटकलों पर क्या बोले ट्रंप ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान को लेकर अमेरिकी प्रशासन की आलोचना बढ़ने के बीच ट्रंप ने रक्षा सचिव पीट हेगसेथ का खुलकर समर्थन किया.

उन्होंने उन अटकलों को खारिज कर दिया कि युद्ध को संभालने के तरीके से नाराज होकर वह रक्षा विभाग में नेतृत्व परिवर्तन कर सकते हैं.

पेंटागन में संभावित बदलाव को लेकर पूछे गए सवाल पर ट्रंप ने कहा कि हेगसेथ को हटाने की उनकी कोई योजना नहीं है.

उन्होंने रक्षा सचिव के काम की तारीफ करते हुए कहा कि वह अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभा रहे हैं.

📡 स्रोत: NewsData.io

📰 पूरी खबर पढ़ें (NewsData.io पर जाएं)
J
JKS News Desk

जनता का संदेश की संपादकीय टीम आपके लिए भोपाल, मध्यप्रदेश और देश की सटीक और विश्वसनीय समाचार प्रस्तुत करती है।