इतिहास

इतिहास के पन्नों से निकली भारत की साझा विरासत, ‘द वोवन लैंड’ देखने उमड़े 5 हजार लोग

लेखक: Sanjida Khanam अंतिम अपडेट: 16 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
इतिहास के पन्नों से निकली भारत की साझा विरासत, ‘द वोवन लैंड’ देखने उमड़े 5 हजार लोग

चार दिवसीय प्रदर्शनी में 20 स्कूलों और मदरसों के करीब 1,500 विद्यार्थी हुए शामिल, 360 डिग्री इमर्सिव व्यू रहा प्रमुख आकर्षण

भोपाल, 17 नवंबर। भारतीय इतिहास, संस्कृति और साझा विरासत के विविध पहलुओं से लोगों को परिचित कराने के उद्देश्य से इंडियन हिस्ट्री फोरम द्वारा ताजुल मसाजिद स्थित लाइब्रेरी ग्राउंड में आयोजित चार दिवसीय ऐतिहासिक प्रदर्शनी ‘द वोवन लैंड’ का सफल समापन हुआ। 13 से 16 नवंबर तक आयोजित इस प्रदर्शनी में लगभग 5,000 लोगों ने हिस्सा लिया। इनमें शहर के 20 स्कूलों और मदरसों के करीब 1,500 विद्यार्थी भी शामिल रहे।

फोटो
फोटो

प्रदर्शनी का उद्घाटन शहर काजी मुश्ताक अली नदवी, ताजुल मसाजिद मदरसे के उस्ताद मौलाना अतहर हबीब रेहान और जमात-ए-इस्लामी हिंद, मध्यप्रदेश के उपाध्यक्ष डॉ. सैयद शाहिद अली ने किया था। चार दिनों तक विद्यार्थियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों, इतिहास प्रेमियों, शोधार्थियों और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

फोटो
फोटो

प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य मध्यकालीन भारतीय इतिहास को व्यापक और संतुलित दृष्टिकोण से प्रस्तुत करना तथा भारतीय सभ्यता के निर्माण में मुस्लिम समुदाय सहित विभिन्न समुदायों के योगदान, आपसी सहयोग और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को सामने लाना था।

चित्रों और ऐतिहासिक दस्तावेजों से दिखाई साझा विरासत

प्रदर्शनी में इतिहास के विभिन्न पहलुओं को चित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों, मॉडल, पोस्टर और इन्फोग्राफिक्स के माध्यम से रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया। सामाजिक, आर्थिक, औद्योगिक, शैक्षणिक और नैतिक क्षेत्रों में मुस्लिम समुदाय के योगदान को प्रदर्शित किया गया। भारत की पहली मस्जिद से लेकर देश की अर्थव्यवस्था और भारत को 'सोने की चिड़िया' बनाने में विभिन्न समुदायों की भूमिका तक के ऐतिहासिक पहलुओं को दर्शाया गया।

360 डिग्री इमर्सिव व्यू ने खींचा ध्यान

आयोजन का प्रमुख आकर्षण 360 डिग्री इमर्सिव व्यू रहा। आयोजकों के अनुसार, भोपाल में किसी प्रदर्शनी में पहली बार इस तकनीक का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से दर्शकों को इतिहास के विभिन्न पहलुओं को नए और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर मिला।

1,500 विद्यार्थियों ने इतिहास के विविध पहलुओं को जाना

प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। शहर के लगभग 20 स्कूलों और मदरसों के 1,500 बच्चों ने इसका अवलोकन किया। विद्यार्थियों ने मध्यकालीन भारत की शिक्षा व्यवस्था, ज्ञान-विज्ञान, स्थापत्य कला, कृषि, व्यापार और आर्थिक विकास से जुड़े विषयों में रुचि दिखाई। इस सहभागिता ने प्रदर्शनी को एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक और ज्ञानवर्धक आयोजन का स्वरूप दिया।

आयोजकों का मानना है कि भारतीय इतिहास को उसकी संपूर्णता में समझने के लिए विभिन्न पक्षों और समुदायों के योगदान का अध्ययन जरूरी है। भारत की सभ्यता और संस्कृति सदियों के मेल-जोल, ज्ञान के आदान-प्रदान, मेहनत, कला-कौशल और सामूहिक प्रयासों से विकसित हुई है। ‘द वोवन लैंड’ इसी साझा विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास रहा।

प्रदर्शनी में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था, ताकि समाज के सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा सकें। चार दिनों में मिली व्यापक जनभागीदारी ने इतिहास को नए दृष्टिकोण से जानने और समझने के प्रति लोगों, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों की रुचि को रेखांकित किया।

इंडियन हिस्ट्री फोरम, भोपाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले अतिथियों, शिक्षण संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवकों, मीडिया प्रतिनिधियों और शहर के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजकों ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल अतीत को जानने का माध्यम नहीं, बल्कि साझा विरासत को पहचानने, आपसी समझ और सद्भाव को मजबूत करने तथा नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की पहल रही।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

‘द वोवन लैंड’ एक ऐतिहासिक प्रदर्शनी है जो भारतीय इतिहास, संस्कृति और साझा विरासत के विविध पहलुओं को दर्शाती है। इस प्रदर्शनी में 360 डिग्री इमर्सिव व्यू के साथ 20 स्कूलों और मदरसों के लगभग 1,500 विद्यार्थी और 5,000 दर्शक शामिल हुए। यह खबर महत्वपूर्ण है क्योंकि यह दर्शाती है कि कैसे डिजिटल और इंटरैक्टिव अनुभवों से युवा पीढ़ी में इतिहास के प्रति रुचि बढ़ रही है और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत किया जा रहा है। आम जनता पर इसका असर यह हो सकता है कि लोग ऐतिहासिक स्थलों और परंपराओं के प्रति अधिक जागरूक हों

S
Sanjida Khanam

Sanjida Khanam डिजिटल हिंदी पत्रकारिता के साथ सामाजिक, राजनीतिक और जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग में सक्रिय हैं।