व्यापार

जबलपुर- कृषि उपज मंडी में लगे साप्ताहिक जैविक हाट में दिखा खरीदारी का उत्साह

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 28 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जबलपुर- कृषि उपज मंडी में लगे साप्ताहिक जैविक हाट में दिखा खरीदारी का उत्साह

हाट में जैविक एवं प्राकृतिक रूप से उत्पादित अनाज, दालें, सब्जियां, मसाले, मोटे अनाज सहित विभिन्न प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद उपलब्ध रहे। बड़ी संख्या में पहुंचे उपभोक्ताओं ने किसानों से उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन प्रक्रिया, उपयोगिता एवं खेती के तरीकों की जानकारी ली और अपनी आवश्यकता के अनुसार सीधे किसानों से उत्पाद खरीदे।

जैविक उत्पादों की गुणवत्ता एवं प्रामाणिकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम ने विभागीय अमले को हाट में उपलब्ध उत्पादों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण एवं सही उत्पाद पहुंचाने तथा जैविक उत्पादों के प्रति विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर उप संचालक कृषि उमेश कुमार कटहरे एवं परियोजना संचालक आत्मा डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने हाट में उपस्थित किसानों और उपभोक्ताओं से संवाद किया। उन्होंने किसानों से उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली तथा जैविक उत्पादों के विपणन एवं बाजार से जुड़ी संभावनाओं के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उपभोक्ताओं ने भी हाट की व्यवस्था एवं उपलब्ध उत्पादों को लेकर अपने अनुभव और सुझाव साझा किए।

जैविक हाट में कृषि आदान विक्रेता भी पहुंचे और जैविक उत्पादों की खरीदारी की। इससे स्थानीय स्तर पर उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ किसानों के लिए स्थायी बाजार एवं विपणन के नए अवसर विकसित होने की संभावनाओं को बल मिला।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।