जबलपुर- मतदाता जागरूकता के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति भी सजग रहें युवा : कलेक्टर
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर बधाई और शुभकामनाएं भी दी। उन्होंने अपने संबोधन में आगे कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के साथ ही अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए। मतदान के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रलोभन, भेदभाव या दबाव में आए बिना अपने विवेक से स्वतंत्र निर्णय लेना चाहिए।
कलेक्टर ने कहा कि मतदाता जागरूकता के क्षेत्र में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। युवा अपने आसपास के लोगों को जागरूक करने के साथ लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कॉलेज तक ही अपनी भूमिका सीमित न रखें, बल्कि शिक्षा पूरी करने के बाद भी समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास जारी रखें।
श्री विश्वकर्मा ने युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि फेसबुक, एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करते समय सावधानी बरतें। अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने से पहले उनकी पहचान की पुष्टि करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारियों का दुरुपयोग कर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। व्हाट्सऐप पर किसी परिचित या परिजन के नाम से आर्थिक मदद मांगने वाला संदेश आने पर भी पहले उसकी पुष्टि करें। संदिग्ध लिंक और अटैचमेंट खोलने से बचें।