राज्य

जबलपुर- नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 अक्टूबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जबलपुर- नर्मदा महोत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने कहा कि बाहर से आने वाले कलाकारों और अतिथियों को जबलपुर की विशेषताओं, स्वच्छता और विकास कार्यों की जानकारी दी जाए। शहर की स्वच्छता व्यवस्था, वेस्ट-टू-एनर्जी प्लांट और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत उपचारित जल की गुणवत्ता जैसी उपलब्धियों से भी उन्हें परिचित कराया जाए। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को उपलब्धियों के फोटोग्राफ उपलब्ध कराने और अतिथियों के बीच शहर की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने पर्यटन विभाग को होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर नर्मदा महोत्सव के दौरान बाहर से आने वाले अतिथियों के लिए होटल किराये में रियायत देने का आग्रह करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिथियों के ठहरने और आवागमन की व्यवस्थाएं बेहतर हों, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

नर्मदा महोत्सव में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा स्वादिष्ट व्यंजनों के साथ हस्तनिर्मित वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिलेगा। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी महोत्सव में आकर्षक रंगोली बनाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने स्वास्थ्य और विद्युत विभाग को किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बाहर से आने वाले कलाकारों, अतिथियों और दर्शकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।