विदेश

जयपुर में अंतरराष्ट्रीय एवं युवा शोधकर्ता सम्मेलन ‘टेकइनएबी-2026’ का शुभारंभ

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 18 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जयपुर में अंतरराष्ट्रीय एवं युवा शोधकर्ता सम्मेलन ‘टेकइनएबी-2026’ का शुभारंभ

कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी के माध्यम से शैवाल आधारित जैव-प्रक्रियाओं में नवाचार पर देश-विदेश के वैज्ञानिकों ने किया मंथन

जयपुर, 18 नवंबर। श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के अंतर्गत कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर, दुर्गापुरा, जयपुर एवं भारतीय जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं युवा शोधकर्ता सम्मेलन ‘टेकइनएबी-2026’ का भव्य शुभारंभ हुआ। 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित इस सम्मेलन में पांच देशों तथा भारत के सात राज्यों से आए वैज्ञानिकों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं युवा वैज्ञानिकों ने सहभागिता की।

सम्मेलन का मुख्य विषय ‘कृत्रिम बुद्धिमत्ता, चयापचय अभियांत्रिकी एवं सूक्ष्मजीव प्रजाति अभियांत्रिकी के माध्यम से शैवाल जैव-प्रक्रियाओं में तकनीकी नवाचार’ है। सम्मेलन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, चयापचय अभियांत्रिकी एवं प्रजाति अभियांत्रिकी के माध्यम से शैवाल आधारित जैव-प्रक्रियाओं में नवीन तकनीकी संभावनाओं, अनुसंधान तथा उनके व्यावहारिक उपयोग पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जा रहा है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शैवाल आधारित जैव-प्रक्रियाओं का उपयोग विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहा है। कृषि, जैव ईंधन, एथेनॉल उत्पादन तथा प्रोटीन के वैकल्पिक स्रोत के रूप में शैवाल की महत्वपूर्ण भूमिका उभरकर सामने आ रही है।

उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस तकनीक की संभावनाएं और अधिक व्यापक होंगी। इसके लिए आवश्यक है कि विभिन्न क्षेत्रों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अनुसंधान एवं विकास कार्य किए जाएं, ताकि कृषि, ऊर्जा, खाद्य एवं औद्योगिक क्षेत्रों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने वैज्ञानिकों से इस दिशा में समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ. फैज़ल बक्स, निदेशक, जल एवं अपशिष्ट जल प्रौद्योगिकी संस्थान, डरबन प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, दक्षिण अफ्रीका तथा डॉ. स्टानिस्लाव सुखिल्क, निदेशक, जीवन विज्ञान संस्थान, इमैनुएल कांट बाल्टिक संघीय विश्वविद्यालय, कालिनिनग्राद, रूस ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यक्रम के प्रारंभ में कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर, दुर्गापुरा के अधिष्ठाता डॉ. एन.एल. बैरवा ने सम्मेलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वैज्ञानिक ज्ञान के आदान-प्रदान तथा नवीन अनुसंधान तकनीकों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सम्मेलन की संयोजक डॉ. रंजना सिरोही ने कहा कि वर्तमान में शैवाल आधारित जैव-प्रक्रिया एक उभरता हुआ तकनीकी क्षेत्र है। आवश्यकता इस बात की है कि इस तकनीक पर ऐसे अनुसंधान किए जाएं, जिनसे कृषि, ऊर्जा, खाद्य एवं अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं और आवश्यकताओं का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी के समन्वय से शैवाल आधारित उत्पादों की गुणवत्ता, उत्पादन क्षमता एवं उपयोगिता में वृद्धि की जा सकती है।

कार्यक्रम में डॉ. राकेश सम्मौरिया, निदेशक शिक्षा; डॉ. एन.के. गुप्ता, निदेशक छात्र कल्याण; डॉ. आर.एस. मीणा, अधिष्ठाता, कृषि महाविद्यालय, झिलाई तथा डॉ. डी.के. गोठवाल, सह अधिष्ठाता, रारी दुर्गापुरा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी का कृषि एवं औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान है तथा युवा शोधकर्ताओं को नवीन अनुसंधान विषयों पर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।

सम्मेलन के दौरान शैवाल आधारित जैव उत्पादों, जैव ईंधन, प्रोटीन उत्पादन, नवीन प्रजातियों के विकास, चयापचय अभियांत्रिकी तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित अनुसंधान की संभावनाओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। युवा शोधकर्ताओं को अपने शोध कार्य प्रस्तुत करने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर भी मिलेगा।

यह सम्मेलन कृषि एवं जैव प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी हस्तांतरण तथा अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

💡 पृष्ठभूमि (Background)

कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी का उपयोग करके शैवाल आधारित जैव-प्रक्रियाओं में नवाचार पर केंद्रित यह अंतरराष्ट्रीय एवं युवा शोधकर्ता सम्मेलन, ‘टेकइनएबी-2026’, जयपुर में आयोजित हो रहा है। यह विषय वैश्विक स्तर पर सतत ऊर्जा, दवा उत्पादन और पर्यावरण संरक्षण के लिए शैवाल की क्षमता को खोजने में महत्वपूर्ण है। सम्मेलन का महत्व यह है कि यह देश-विदेश के वैज्ञानिकों को एक मंच देता है जहाँ वे नई तकनीकों और शोध परिणामों पर चर्चा कर सकते हैं, जिससे शोध के क्षेत्र में तेजी आएगी। आम जनता को इससे

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।