राज्य

जयपुर में PR कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 22 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जयपुर में PR कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन

विशेषज्ञों ने मीडिया शिक्षा में 30:70 का मॉडल अपनाने पर दिया जोर, PRSI जयपुर चैप्टर ने न्यूजलेटर का किया विमोचन

जयपुर, 21 नवंबर। पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) के जयपुर चैप्टर की ओर से शनिवार को सूचना केंद्र में PR कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया। इसमें मीडिया, जनसम्पर्क और मीडिया शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञों, शिक्षाविदों, जनसम्पर्क अधिकारियों और विद्यार्थियों ने भाग लिया। कॉन्क्लेव में मीडिया एवं जनसम्पर्क के बदलते स्वरूप, व्यावसायिक चुनौतियों, मीडिया शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में मौलिक रचनात्मकता के महत्व पर चर्चा हुई। इस अवसर पर न्यूजलेटर का विमोचन भी किया गया।

PRSI जयपुर चैप्टर के चेयरमैन वीरेंद्र पारीक ने कहा कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य मीडिया, जनसम्पर्क और मीडिया शिक्षा से जुड़े अनुभवी पेशेवरों तथा युवा विद्यार्थियों को साझा मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता और जनसम्पर्क के विद्यार्थियों को मुख्यधारा के व्यावसायिक मंचों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। अनुभवी पेशेवरों और युवा प्रतिभाओं के बीच संवाद से ही नए विचारों और संभावनाओं को दिशा मिल सकती है। मीडिया और जनसम्पर्क एक-दूसरे के पूरक हैं। इनके बीच बेहतर समन्वय और पारस्परिक सम्मान जरूरी है।

वरिष्ठ पत्रकार एवं जी राजस्थान के संपादक डॉ. मनीष शर्मा ने मीडिया शिक्षा में 30:70 का मॉडल अपनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि पाठ्यक्रम में 30 प्रतिशत सैद्धांतिक अध्ययन और 70 प्रतिशत व्यावहारिक प्रशिक्षण होना चाहिए। केवल किताबी ज्ञान से मीडिया के क्षेत्र की जरूरतें पूरी नहीं हो सकतीं।

विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र का अनुभव, निरंतर अध्ययन और विभिन्न क्षेत्रों की समझ विकसित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मीडिया रिलेशंस अवसरवादिता के बजाय वास्तविक और दोतरफा संवाद पर आधारित होने चाहिए। पेशेवरों को बदलते समय के अनुरूप बहुआयामी दक्षताएं विकसित करने के साथ पढ़ने की आदत भी बनाए रखनी चाहिए।

फर्स्ट इंडिया डिजिटल के नेशनल हेड अमित शर्मा ने भी मीडिया शिक्षा में व्यावहारिक प्रशिक्षण और डिजिटल तकनीकों की समझ को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ मीडिया की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना चाहिए।

कॉन्क्लेव के पहले पैनल सत्र में हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रतन सिंह शेखावत ने भाषा की शुद्धता, नैतिकता, बौद्धिक संतुलन और डिजिटल तकनीकों में निरंतर दक्षता विकसित करने पर जोर दिया। वहीं, एमिटी यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर डॉ. तनुश्री मुखर्जी ने 'Co-create, Co-research and Co-teach' की अवधारणा के माध्यम से शिक्षण और व्यावहारिक प्रशिक्षण को जोड़ने की आवश्यकता बताई।

उन्होंने कहा कि AI पर अत्यधिक निर्भरता के बजाय विद्यार्थियों को अपनी मौलिक सोच, रचनात्मकता और शोध आधारित लेखन को प्राथमिकता देनी चाहिए। बिना पर्याप्त शोध के बोलने-लिखने और केवल प्रचार आधारित सामग्री तैयार करने से भी बचना जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसम्पर्क सेवा में नव पदोन्नत अधिकारियों छोटू लाल जीनगर, महेश पारीक, दिनेश शर्मा, सुधाकर सोनी, नरेंद्र सिंह शेखावत, सुनील सिंह शेखावत, कुणाल वशिष्ठ और चंद्रशेखर पारीक का अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम के अंत में PRSI जयपुर चैप्टर की उपाध्यक्ष कविता जोशी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

कार्यक्रम का संचालन चंद्रशेखर पारीक ने किया। इस अवसर पर महासचिव मनीष हूजा, लोकेश शर्मा, रविशंकर शर्मा, डॉ. देवेंद्र पाठक, फारूक अफरीदी, रेशमा खान, सुरेश जोशी, सुमनेश शर्मा, गुरजंट सिंह, गोविन्द शर्मा, कन्हैयालाल भ्रमर सहित अनेक जनसम्पर्क अधिकारी, मीडिया शिक्षाविद्, मीडिया प्रतिनिधि और विद्यार्थी मौजूद रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।