जैसलमेर में पैक्ड उत्पादों पर दंडात्मक कार्रवाई
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
त्योहारों के मद्देनजर जांच अभियान जारी, तीन प्रतिष्ठानों पर 57 हजार रुपये का जुर्माना
जैसलमेर, 13 अक्टूबर। त्योहारों के सीजन में उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और बाजार में पैक्ड उत्पादों की बिक्री में नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए विधिक माप विज्ञान विभाग ने कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने जैसलमेर शहर में औचक निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर तीन प्रतिष्ठानों पर कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
जांच में पैक्ड उत्पादों पर अनिवार्य घोषणाएं अंकित नहीं होने और पैकर रजिस्ट्रेशन से संबंधित कमियां सामने आईं। विधिक माप विज्ञान अधिनियम, 2009 और राजस्थान विधिक माप विज्ञान (पैकेज में रखी वस्तुएं) नियम, 2011 के तहत विभाग की ओर से 12 से 14 अक्टूबर तक विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत सोमवार को जैसलमेर शहर में टेक्सटाइल एवं गारमेंट प्रतिष्ठानों, किराना दुकानों, चमड़ा उद्योग और अन्य व्यावसायिक संस्थानों का औचक निरीक्षण किया गया। कार्रवाई का उद्देश्य पैक्ड उत्पादों पर उपभोक्ताओं के लिए आवश्यक जानकारी की उपलब्धता सुनिश्चित करना और कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने के लिए पाबंद करना है।
विधिक माप विज्ञान अधिकारी गौरव गुप्ता ने बताया कि जांच के दौरान वीनू एक्सपोर्ट पर 30 हजार रुपये, गायत्री ट्रेडिंग (हाबुर वाले) पर 25 हजार रुपये और जयश्री टेक्सटाइल पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इन प्रतिष्ठानों में पैक्ड उत्पादों पर आवश्यक घोषणाएं अंकित नहीं होने तथा पैकर रजिस्ट्रेशन से संबंधित अनियमितताएं पाई गईं।
विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित प्रतिष्ठानों पर जुर्माना लगाया।अभियान का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करना और बाजार में वस्तुओं की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुरूप सुनिश्चित करना है। पैक्ड उत्पादों पर निर्माता या पैकर से संबंधित विवरण, मात्रा और अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) जैसी अनिवार्य जानकारियां उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण होती हैं।
ऐसे में इन घोषणाओं का नियमानुसार अंकित होना आवश्यक है। साथ ही, निर्धारित एमआरपी से अधिक कीमत पर सामान बेचने जैसी अनियमितताओं पर भी निगरानी रखी जाती है। त्योहारों के दौरान बाजार में पैक्ड वस्तुओं की खरीद-बिक्री बढ़ने को देखते हुए विभाग ने स्पष्ट किया कि जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
आगामी दिनों में छोटे-बड़े प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर नियमों की पालना सुनिश्चित की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य व्यापारियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ उपभोक्ताओं को पारदर्शी और नियमानुसार खरीदारी का वातावरण उपलब्ध कराना है।
बाइट - गौरव गुप्ता, विधिक माप विज्ञान अधिकारी, जैसलमेर