जालोर कलक्टर ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक
ताज़ा खबरों से अपडेट रहने के लिए हमारे WhatsApp चैनल से जुड़ेंJoin करें →
संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा, 30 दिन से अधिक समय से लंबित मामलों को प्राथमिकता देने पर जोर
जालोर, 13 अक्टूबर। जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवेदनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि 30 दिन से अधिक समय से लंबित परिवेदनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों के समाधान में लगने वाले औसत समय को कम करने तथा प्रत्येक परिवेदना का निर्धारित समयावधि में प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि परिवादी की समस्या का वास्तविक समाधान होना आवश्यक है।
बैठक में परिवेदनाओं के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया गया। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं हो। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें, इसके लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला परिषद की अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी चिदम्बरा परमार, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. भैराराम जाणी, डीओआईटी के संयुक्त निदेशक नवीन माथुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।