देश

जनसेवा से देशसेवा ही मेरा मंत्र, लोगों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा: प्रधानमंत्री, सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री का वर्चुअली संवाद, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअली जुड़े

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 26 सितंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जनसेवा से देशसेवा ही मेरा मंत्र, लोगों का आशीर्वाद मेरी सबसे बड़ी ऊर्जा: प्रधानमंत्री, सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से प्रधानमंत्री का वर्चुअली संवाद, कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअली जुड़े

बीकानेर/जयपुर, 24 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से वर्चुअली संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रतिभागियों से आह्वान किया कि वे यात्रा के दौरान लिए गए विविधता में एकता के अनुभव को हिंदुस्तान के हर कोने में पहुंचाएं। गांव-कस्बे ज्ञान और समाधान का समृद्ध खजाना है। एक गांव का प्रयोग दूसरे गांव के काम आएगा और एक युवा का समाधान दूसरी युवा की ताकत बनेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में यात्रा और सेवा दोनों ही सामाजिक संस्कार से जुड़े रहे हैं। एक व्यक्ति और एक पार्टी के कार्यकर्ता के तौर पर इन यात्राओं से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। ये यात्राएं करुणा, विनम्रता और अनुशासन सिखाती हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी राष्ट्र निर्माण कर रहे हैं। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवा शक्ति की बहुत बड़ी भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। हमारी परंपरा भी नर सेवा नारायण सेवा की है। जब शासन के मूल में सेवा का भाव होता है, तो हर नीति के केंद्र में नागरिक देवो भव का संकल्प होता है। यही सेवा भाव देश की नीतियों में लागू होता है तभी देश आगे बढ़ता है। नई-नई योजनाएं जन्म लेती हैं। करोड़ों जरूरतमंदों को मुफ्त अनाज और आयुष्मान जैसी योजनाओं के मूल में सेवा का भाव ही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरे लिए जनसेवा से देशसेवा ही मंत्र है। लोगों का आशीर्वाद ही उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी ऊर्जा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवा पीढ़ी विकसित भारत की निर्माता है। इसके लिए उन्हें देश को समझना, सामाजिक वर्गों से मिलना और उनकी आकांक्षाओं को समझना बहुत जरूरी है। इसमें सेवा संकल्प यात्रा निश्चित रूप से अहम भूमिका निभाने वाली है। इसके प्रतिभागी जहां भी जा रहे हैं, वहां संवाद और जनभागीदारी के सेतु बना रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सेवा भाव से किया गया हर काम याद रखा जाता है।

इससे पहले प्रधानमंत्री ने सेवा संकल्प यात्रा के प्रतिभागियों से संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने ब्यावर से डॉक्टर देवांगी और डेगाना से हर्षवर्धन सिंह एवं कुलदीप से संवाद किया। उन्होंने राजस्थान में पौधारोपण करते समय घड़ा भी गाड़ने का सुझाव दिया जिससे पौधा जल्दी विकसित हो और पानी की बचत हो।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा वर्चुअली जुड़े। उन्होंने कहा कि वडनगर से वाराणसी तक की सेवा संकल्प यात्रा यशस्वी प्रधानमंत्री के सेवा का संकल्प को आगे बढ़ा रही है। यह सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने कहा कि 25 वर्षों में प्रधानमंत्री के जीवन का एक-एक क्षण सेवा के लिए समर्पित रहा है। सेवा के इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ही इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने सामाजिक सरोकार के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, स्वच्छ भारत अभियान, एक पेड़ मां के नाम अभियानों ने समाज और देश को नई दिशा दी है। राजस्थान भी उनके एक पेड़ मां के नाम अभियान से प्रेरित होकर हरियालो राजस्थान अभियान चला रहा है, जिसके अंतर्गत 5 वर्षों में 50 करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया है। इसमें से अब तक 28 करोड़ पौधे लगा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि 2014 में हमारे देश की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी। लेकिन प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व ने आज देश को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्था बना दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम की भावना को लेकर काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की दशकों से अटकी 10 अंतर-राज्यीय परियोजनाओं का समाधान हुआ है। इनमें राजस्थान की पानी की आवश्यकता की पूर्ति के लिए चार परियोजनाएं-रामजल सेतु, यमुना जल समझौता, नर्मदा समझौता और किशाऊ बहुद्देश्यीय बांध परियोजना शामिल हैं। इनमें 1 लाख करोड़ रुपये लागत की रामजल सेतु लिंक परियोजना में लगभग 41 हजार करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, 35 हजार करोड़ रुपये की यमुना जल परियोजना को धरातल पर तेजी से उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा, अनुशासन, करुणा, सामाजिक जिम्मेदारी, यह हमें जनमानस से जोड़ती हैं। हम सभी को जनता के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चार जातियों-युवा, महिला, किसान और मजदूर का सशक्तिकरण किया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में राजस्थान में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। हमारा प्रदेश बिजली में आत्मनिर्भर बन रहा है और अन्य राज्यों को बिजली दे रहा है।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने बीकानेर में वेटरनरी कॉलेज में सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत आयोजित हो रही बाइक रैली के राइडर्स के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हुए संवाद को वीसी के माध्यम से देखा। मुख्यमंत्री ने स्वयं भी बीकानेर पहुंचे बाइक राइडर्स से संवाद कर उनके अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने कलश यात्रा और वडनगर से वाराणसी जा रहे बाइक रैली को रवाना किया। उन्होंने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा, विधायक सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।