राज्य

जौनपुर को 3,650 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे नितिन गडकरी

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 4 नवंबर 2026
प्रकाशक: जनता का संदेश
जौनपुर को 3,650 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात देंगे नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी 5 नवंबर को जौनपुर के मुंगराबादशाहपुर स्थित सार्वजनिक इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। इस दौरान वह जिले को 3,650 करोड़ रुपये से अधिक की आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सौगात देंगे। इन परियोजनाओं का शिलान्यास, भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा।जानकारी के मुताबिक, नितिन गडकरी सुबह 11:15 बजे सार्वजनिक डिग्री कॉलेज में बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

इसके बाद कार्यक्रम में शामिल होकर दोपहर 1:15 बजे रवाना होंगे।कार्यक्रम के दौरान दो परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें 198 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला चार किलोमीटर लंबा मुंगराबादशाहपुर बाइपास और 33 करोड़ रुपये की लागत से एनएच-128ए पर लता मंगेशकर तिराहे से प्रसाद इंस्टीट्यूट तक बनने वाला 4.7 किलोमीटर लंबा फोरलेन शामिल है।इसके अलावा तीन परियोजनाओं का भूमि पूजन होगा।

इनमें सई नदी पर 16 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला पुल, 128 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबा जौनपुर बाइपास और मड़ियाहूं में 92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला डेढ़ किलोमीटर लंबा रेलवे ओवरब्रिज शामिल है।वहीं, तीन सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण भी किया जाएगा। इनमें 627 करोड़ रुपये की लागत से बना मछलीशहर-भदोही मार्ग, 1078 करोड़ रुपये की लागत से रायबरेली-प्रयागराज मार्ग पर बने बाइपास और सई नदी पुल तथा 1505 करोड़ रुपये की लागत से तैयार रायबरेली-प्रयागराज लिंक रोड शामिल हैं।केंद्रीय मंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

आयोजन स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल बनाया जा रहा है। मंच पर 25 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने और लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।