इतिहास

जय मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा गांधीनगर, विशाल चुनरी यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत

लेखक: Santosh Yogi अंतिम अपडेट: 16 अक्टूबर 2026 👁️ 1 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
जय मां दुर्गा के जयकारों से गूंजा गांधीनगर, विशाल चुनरी यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत

भोपाल। गांधीनगर की बंजारा बस्ती में जय मां दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में समाजसेवी एवं मंडल उपाध्यक्ष श्रीमती राधा राजपूत के नेतृत्व में विशाल चुनरी यात्रा निकाली गई। श्रद्धा और भक्ति के माहौल में निकली इस यात्रा का विभिन्न मार्गों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। माता रानी के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

चुनरी यात्रा बंजारा बस्ती से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों और गलियों से गुजरते हुए शीतला माता मंदिर पहुंची। यात्रा में शामिल श्रद्धालु माता रानी की भक्ति में लीन नजर आए। जगह-जगह हुए स्वागत से आयोजन का उत्साह और बढ़ गया। मंदिर पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और मां शीतला को चुनरी अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

इस अवसर पर श्रीमती राधा राजपूत ने कहा कि चुनरी यात्रा आस्था, श्रद्धा और सनातन संस्कृति का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, आपसी भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करने के साथ लोगों को सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ते हैं।

यात्रा में भाजपा के जिला मंत्री योगेश वासवानी, जय मां दुर्गा उत्सव समिति के अध्यक्ष बंसीलाल बंजारा, पप्पू सिसोदिया, अंतर सिसोदिया, मोहन सिसोदिया, बाबूलाल सिसोदिया, शेर सिंह सिसोदिया, पंकज सिसोदिया और मोहन सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

S
Santosh Yogi

संतोष योगी भोपाल के वरिष्ठ पत्रकार हैं जो भोपाल जिला एवं आसपास की घटनाओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।