अपराध

जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा,कई की मौत

लेखक: Maroof Ahmed Khan अंतिम अपडेट: 24 अक्टूबर 2026 👁️ 2 बार पढ़ा गया
प्रकाशक: जनता का संदेश
जयपुर-अजमेर हाईवे पर भीषण हादसा,कई की मौत

बगरू पुलिया के पास देर रात हुए सड़क हादसे में महाराष्ट्र के नाशिक जिले के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 घायल हो गए। सात गंभीर घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।

24 अक्तूबर,जयपुर। जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे-48 पर बगरू के समीप देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बगरू पुलिया से उतरते ही करीब पौने एक बजे जयपुर से अजमेर की ओर जा रही फोर्स ट्रैवलर बस और एक ट्रेलर के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।

खाटूश्यामजी के दर्शन कर सांवरिया सेठ जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में सवार सभी श्रद्धालु महाराष्ट्र के नाशिक जिले के सटाणा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। श्रद्धालु खाटूश्यामजी के दर्शन करने के बाद सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बगरू पुलिया से उतरते समय ट्रैवलर और ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस मित्रों ने दी हादसे की सूचना हाईवे पर गश्त कर रहे पुलिस मित्रों ने हादसे की सूचना बगरू थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करवाया। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल सात श्रद्धालुओं को बेहतर उपचार के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया।

क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात कराया सुचारू

हादसे के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात को दोबारा सुचारू करवाया। पुलिस हादसे से संबंधित आवश्यक कार्रवाई में जुटी रही।

इस दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत से उनके परिवारों और परिचितों में शोक का माहौल है। वहीं, घायल श्रद्धालुओं का अस्पताल में उपचार जारी है।

M
Maroof Ahmed Khan

Maroof Ahmed Khan जनता का संदेश के संस्थापक एवं प्रधान संपादक हैं। वे जनसरोकार, निष्पक्ष रिपोर्टिंग और जनता की आवाज़ को प्रमुखता देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।